'कौन बनेगा करोड़पति 18' के हालिया एपिसोड में, जिसमें एक्टर सैफ अली खान अपनी फिल्म 'हैवान' के को-एक्टर अक्षय कुमार के साथ नजर आए थे। इस दौरान, होस्ट अमिताभ बच्चन ने सैफ अली के साथ अपने एक पारिवारिक रिश्ते का खुलासा किया, जिसके बारे में बहुत ही कम लोग जानते थे। आने वाले एपिसोड के नए प्रोमो में होस्ट बिग बी बॉलीवुड एक्टर सैफ को बताते हैं कि बहुत से लोग यह नहीं जानते कि सैफ का उनके परिवार से कोई खास रिश्ता है। सोशल मीडिया पर शो का यह नया प्रोमो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें बॉलीवुड के महानायक ने खुद कनेक्शन समझाया है।
अमिताभ बच्चन और सैफ अली खान का क्या है रिश्ता?
कौन बनेगा करोड़पति सीजन 18 के अपकमिंग एपिसोड के नए प्रोमो में अमिताभ बच्चन, सैफ से कहते हैं, 'बहुत से लोग नहीं जानते कि ये हमारे रिश्ते में हैं।' सैफ यह सुनकर हैरान रह गए और बोले, 'मैं?' इसके बाद अमिताभ बच्चन ने बताया कि उनके परिवार आपस में कैसे जुड़े हैं। इस रिश्ते के बारे में बताते हुए अमिताभ बच्चन कहते हैं, 'राज कपूर की बेटी रितु के बेटे निखिल की शादी मेरी बेटी श्वेता से हुई है।' बता दें कि श्वेता बच्चन की शादी निखिल नंदा से हुई है, जो राज कपूर की बेटी रितु नंदा के बेटे हैं। राज कपूर एक्ट्रेस करीना कपूर के दादा हैं, इसलिए निखिल नंदा और करीना कपूर कजिन हैं। वहीं, सैफ अली खान से शादी के बाद करीना का रिश्ता बच्चन परिवार से भी जुड़ गया है।
अमिताभ बच्चन का करीना के लिए सवाल
इस खुलासे के बाद एपिसोड में एक मजेदार पल तब आया, जब अमिताभ बच्चन ने सोचा कि उन्हें इस बड़े परिवार में एक-दूसरे को किस नाम से बुलाना चाहिए। उन्होंने पूछा, 'तो अब मैं जानना चाहता हूं कि मुझे करीना को क्या कहकर बुलाना चाहिए? और करीना मुझे क्या बुलाएगी?' इस हल्की-फुल्की बातचीत ने एपिसोड में मजा और बढ़ा दिया। साथ ही दर्शकों को बॉलीवुड के दो सबसे बड़े परिवारों के बीच एक ऐसे रिश्ते के बारे में भी पता चला, जिसके बारे में ज्यादा लोग नहीं जानते थे।
'हैवान' की रिलीज
सैफ अली खान और अक्षय कुमार जल्द ही डायरेक्टर प्रियदर्शन की आने वाली साइकोलॉजिकल थ्रिलर फिल्म 'हैवान' में नजर आएंगे। इस फिल्म में सैयामी खेर, श्रिया पिलगांवकर, बोमन ईरानी, शारिब हाशमी, जिस्शु सेनगुप्ता और राजपाल यादव अहम भूमिकाओं में होंगे। 'हैवान' 11 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
ये भी पढ़ें - सुनिधि चौहान ने अमिताभ बच्चन को बताया अपना पहला क्रश, KBC 18 पर किया खुलासा, बिग बी के जवाब ने जीता दिल