1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. टीवी
  4. रसोई में जमी 'बिट्टू और बिट्टी' की जोड़ी, हंसाते-हंसाते अली और जन्नत बने 'लाफ्टर शेफ्स 3' के चैंपियन

रसोई में जमी 'बिट्टू और बिट्टी' की जोड़ी, हंसाते-हंसाते अली और जन्नत बने 'लाफ्टर शेफ्स 3' के चैंपियन

 Written By: Jaya Dwivedie @JDwivedie
 Published : Jul 27, 2026 11:54 am IST,  Updated : Jul 27, 2026 11:54 am IST

टीवी कलाकार अली गोनी और जन्नत जुबैर ने 'लाफ्टर शेफ्स: अनलिमिटेड एंटरटेनमेंट सीजन 3' का खिताब अपने नाम कर लिया। अपनी बेमिसाल जुगलबंदी और बेहतरीन कुकिंग के दम पर इस जोड़ी ने ग्रैंड फिनाले की ट्रॉफी जीती।

jannat zubair ALY GONI- India TV Hindi
जन्नत जुबैर और अली गोनी। Image Source : JANNATZUBAIR29/INSTAGRAM

टीवी जगत की लोकप्रिय जोड़ी अली गोनी और जन्नत जुबैर ने रिएलिटी शो 'लाफ्टर शेफ्स: अनलिमिटेड एंटरटेनमेंट' के तीसरे सीजन की चमचमाती ट्रॉफी अपने नाम कर ली है। हफ्तों तक चले कुकिंग चैलेंजेस, आपसी हंसी-मजाक और सेलिब्रिटी जोड़ियों के बीच चले मुकाबले के बाद इस जोड़ी ने रविवार को आयोजित ग्रैंड फिनाले में जीत हासिल की। कॉमेडी और कुकिंग के इस अनूठे मेल वाले शो को भारती सिंह ने होस्ट किया था, जबकि मशहूर शेफ हरपाल सिंह सोखी जज की भूमिका में थे। पूरे सीजन के दौरान प्रतियोगियों ने कठिन रेसिपीज, कम समय और हल्की-फुल्की प्रतिस्पर्धा का डटकर सामना किया। शो में कृष्णा अभिषेक और सुदेश लहरी की जुगलबंदी ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया और कॉमेडी का तड़का लगाए रखा।

शानदार केमिस्ट्री और सोशल मीडिया पर जश्न

जीत के इस खास पल का जश्न मनाते हुए जन्नत जुबैर ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर अली गोनी और शो के अन्य साथियों के साथ कई तस्वीरें साझा कीं। इन तस्वीरों को शेयर करते हुए जन्नत ने एक बेहद भावुक और प्यारा कैप्शन भी लिखा। उन्होंने लिखा कि वे इस शो को जीतने का अनुभव अली गोनी के अलावा किसी और के साथ सोच भी नहीं सकती थीं। जन्नत ने आगे कहा कि इस शो के सफर ने उन्हें एक सबसे अच्छा दोस्त दिया और दोनों ने मिलकर यह ट्रॉफी जीती। उन्होंने दर्शकों से मिले प्यार के लिए सभी का शुक्रिया अदा किया। पूरे सीजन में दोनों एक-दूसरे को प्यार से 'बिट्टू' और 'बिट्टी' कहकर बुलाते थे, जिसे फैंस ने भी काफी पसंद किया।

रसोई में अली और जन्नत का बेमिसाल तालमेल

अली गोनी और जन्नत जुबैर का तालमेल और निरंतरता ही वह मुख्य वजह रही जिसने उन्हें बाकी जोड़ियों से अलग और आगे रखा। जहां एक तरफ जन्नत ने रसोई में हर नई रेसिपी को सीखने का उत्साह दिखाया, वहीं दूसरी तरफ अली ने अपने आत्मविश्वास से कठिन से कठिन डिश को आसान बना दिया। कई मुश्किल टास्क और अचानक मिले ट्विस्ट के बावजूद दोनों ने कभी हार नहीं मानी और एक मजबूत टीम की तरह हर चुनौती को पार किया।

रोहित शेट्टी की एंट्री और 'खतरों के खिलाड़ी' का तड़का

इस ग्रैंड फिनाले को और भी ज्यादा रोमांचक बनाने के लिए बॉलीवुड के जाने-माने एक्शन डायरेक्टर रोहित शेट्टी और उनके आगामी शो 'खतरों के खिलाड़ी' के प्रतिभागियों ने खास शिरकत की। स्टंट्स की दुनिया से निकलकर रसोई में पहुँचे इन मेहमानों ने शो में जबरदस्त तड़का लगाया और शाम को हंसी से सराबोर कर दिया। इसी धमाकेदार माहौल के बीच जजों ने अली गोनी और जन्नत जुबैर के नाम का ऐलान विजेता के रूप में किया। स्वादिष्ट व्यंजनों, ठहाकों और रोमांचक कुक-ऑफ के बीच 'लाफ्टर शेफ्स सीजन 3' का यह सफर बेहद शानदार नोट पर समाप्त हुआ। यह शो कलर्स टीवी पर प्रसारित किया गया और डिजिटल प्लेटफॉर्म जियोहॉटस्टार पर स्ट्रीम हुआ।

ये भी पढ़ें: कौन हैं समरीन कौर? जिनके प्यार में क्लीन बोल्ड हुए भारतीय तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह, सरेआम किया रिश्ते का ऐलान

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। TV से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन