रियलिटी शो 'पति पत्नी और पंगा' की शूटिंग के लिए बाहर निकलीं हिना खान अपने नए लुक में बेहद खूबसूरत लग रही थीं। उन्होंने 2007 में आई फिल्म 'ओम शांति ओम' में दीपिका पादुकोण द्वारा निभाए गए किरदार शांतिप्रिया का आइकॉनिक लुक रिक्रिएट किया था। हिना के साथ उनके पति रॉकी जायसवाल भी नजर आए थे। दोनों ने पैपराजी के सामने तस्वीरें खिंचवाईं और मुस्कुराते हुए साथ में कई पोज भी दिए। सोशल मीडिया पर टीवी की सुपरस्टार का ये लुक तेजी से वायरल हो रहा है जो लोगों को बहुत पसंद आ रहा है।
हिना खान का नया लुक वायरल
इंस्टाग्राम पर एक पैपराजी अकाउंट द्वारा शेयर किए गए वीडियो में कैंसर से जूझ रही हिना खान शांतिप्रिया लुक में तस्वीरें खिंचवाती नजर आ रही हैं। हल्के गुलाबी रंग के आउटफिट और मैचिंग सिल्वर ज्वेलरी पहने एक्ट्रेस बेहद खूबसूरत लग रही थीं। उन्होंने बालों में गुलाबी गुलाब भी लगाए थे और पैपराजी को फ्लाइंग किस देती नजर आईं। वहीं, हिना खान के पति रॉकी भी फिल्म के हीरो शाहरुख खान के अवतार में उनके साथ दिखाई दिए। ये वीडियो एक और खास वजह से भी चर्चा में बना हुआ है, जिसमें रॉकी अपनी पत्नी की हथेली को नीचे बैठकर चूमते हैं।
हिना-रॉकी की स्पेशल बॉन्ड
हिना खान और रॉकी जायसवाल की पहली मुलाकात 'ये रिश्ता क्या कहलाता है' के सेट पर हुई थी, जहां हिना ने अक्षरा का मुख्य किरदार निभाया था और रॉकी बतौर निर्माता टीम का हिस्सा थे। समय के साथ उनकी दोस्ती एक रोमांटिक रिश्ते में बदल गई, जिसका खुलासा उन्होंने 2017 में किया। तब से यह कपल एक-दूसरे के साथ है। अब जब हिना ब्रेस्ट कैंसर से जंग लड़ ही है तो वह उनके साथ इस मुश्किल समय में भी साथ खड़े हैं। दोनों ने इस साल 2025 जून महीने में शादी की थी।
कैंसर से जूझ रही एक्ट्रेस का धांसू कमबैक
हिना और रॉकी फिलहाल 'पति पत्नी और पंगा' का हिस्सा हैं। यह शो असल जिंदगी के सेलिब्रिटी कपल्स को अनस्क्रिप्टेड टास्क देते हैं, जिससे उनके टीमवर्क और रिश्ते के बारे में पता चलता है। हिना और रॉकी के अलावा, इस शो में स्वरा भास्कर-फहाद अहमद, रुबीना दिलैक-अभिनव शुक्ला, अविका गौर-मिलिंद चंदवानी, देबिना बनर्जी-गुरमीत चौधरी, गीता फोगट-पवन कुमार, और सुदेश लहरी-ममता लहरी जैसे सेलिब्रिटी कपल्स नजर आएंगे। यह शो 2 अगस्त को प्रीमियर हुआ था। इसे कलर्स टीवी और जियो हॉटस्टार पर देखा जा सकता है। हाल ही में एक्ट्रेस ने खुलासा किया था कि इस शो से उन्होंने कैंसर के बाद टीवी पर कमबैक किया है।