1. Hindi News
  2. मनोरंजन
  3. टीवी
  4. पंचतत्व में विलीन हुईं शेफाली जरीवाला, पति नहीं बुजुर्ग पिता ने कांपते हाथों से दी चिता को आग, पराग ने की गुजारिश

पंचतत्व में विलीन हुईं शेफाली जरीवाला, पति नहीं बुजुर्ग पिता ने कांपते हाथों से दी चिता को आग, पराग ने की गुजारिश

 Written By: Jaya Dwivedie @JDwivedie
 Published : Jun 28, 2025 10:17 pm IST,  Updated : Jun 28, 2025 11:39 pm IST

शेफाली जरीवाला का अंतिम संस्कार कर दिया गया है। एक्ट्रेस के पति ने अंतिम संस्कार के बाद लोगों से गुजारिश की। वहीं उनके पिता दुखी नजर आए। इसके कई वीडियो सामने आए हैं।

Shefali last rites- India TV Hindi
शेफाली जरीवाला के पिता और पति पराग। Image Source : INSTAGRAM

बॉलीवुड की 'कांटा लगा गर्ल' के नाम से मशहूर एक्ट्रेस शेफाली जरीवाला का 42 साल की उम्र में अचानक निधन हो गया। उनकी मौत की खबर से इंडस्ट्री और फैंस को गहरा झटका लगा है। मुंबई में उनका अंतिम संस्कार किया गया, जहां परिवार के साथ-साथ टीवी और फिल्म इंडस्ट्री के कई नामी सितारे उन्हें अंतिम विदाई देने पहुंचे। माहौल गमगीन था और हर किसी की आंखों में आंसू थे। उनका परिवार बिखरा नजर आया। एक्ट्रेस की मां बेसुध थी, पति पराग त्यागी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया था और पिता की लाचारी भी देखने को मिली। इस दौर में परिवार बेहद मुश्किल से शेफाली को विदाई दे पाया। आज सुबह हुए पोस्टमार्टम के बाद शेफाली पंचतत्व में विलीन हो गई हैं। 

पराग त्यागी ने फूट-फूटकर रोते हुए दी विदाई

शेफाली जरीवाला के पिता ने उन्हें मुखाग्नि दी। वहीं पति पराग कंधा देते नजर आए थे। शेफाली के पति पराग त्यागी अपनी पत्नी को अंतिम विदाई देने के बाद पूरी तरह टूट गए थे। उनकी एक तस्वीर सामने आई है, जिसमें वो जमीन पर बैठकर शेफाली के शव को गले लगाते नजर आ रहे हैं। उनकी भरी आंखे और दुखी मन की झलक साफ दिखी। अंतिम संस्कार के बाद जब मीडिया ने उनसे बात करनी चाही तो वे हाथ जोड़कर बस इतना ही कह पाए, 'कुछ गलत न कहिएगा...आप लोग मेरी परी के लिए प्रेयर करना प्लीज...।' उनकी ये बात सुनकर वहां मौजूद हर शख्स भावुक हो गया। पराग की आंखों में गहरा शोक और चेहरे पर थकावट साफ दिख रही थी। उनकी आवाज में वो गम झलक रहा था।

यहां देखें वीडियो

कार्डियक अरेस्ट बना मौत की वजह

रिपोर्ट्स के मुताबिक 27 जून की रात करीब 10 से 11 बजे के बीच शेफाली को घर पर ही कार्डियक अरेस्ट आया। उस वक्त उनके पति और कुछ अन्य लोग घर में मौजूद थे। आनन-फानन में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद रात करीब 1 बजे पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की और फिर शेफाली का शव कूपर अस्पताल पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया ताकि मौत की असल वजह सामने आ सके। फिलहाल अभी पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आनी बाकी है। 

अंतिम संस्कार में उमड़ा सितारों का सैलाब

शेफाली जरीवाला को अंतिम विदाई देने वालों में सिर्फ परिवार ही नहीं, बल्कि इंडस्ट्री के कई नामी चेहरे भी शामिल हुए। आरती सिंह, शहनाज गिल, माहिरा शर्मा, पारस छाबड़ा, संभावना सेठ, सुरभि चंदना, रश्मि देसाई, मीका सिंह और सुनिधि चौहान जैसे सितारों ने उन्हें नम आंखों से विदाई दी। शेफाली का यूं अचानक चले जाना सभी के लिए एक गहरा सदमा है। उनके चाहने वाले आज भी इस खबर पर यकीन नहीं कर पा रहे हैं। अब सबकी निगाहें पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे उनकी मौत की असली वजह का खुलासा हो सके। पुलिस ने एक्ट्रेस के घर से कई एंटी एजिंग दवाएं इकट्ठा की हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। TV से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें मनोरंजन