सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म में कई तरह के फोटो और वीडियो वायरल होते हैं। इनमें से कई फोटो और वीडियो गलत दावों के साथ अपलोड और शेयर किए जाते हैं। इन झूठों दावों से कई लोग जालसाजी का भी शिकार हो जाते हैं। इंडिया टीवी की फैक्ट चेक टीम ऐसे ही फेक वीडियो, फोटो और फर्जी वेबसाइट के सत्यता की जांच करती है।
क्या हो रहा वायरल?
लोगों को ठगने के लिए एक फर्जी वेबसाइट का लिंक वायरल हो रहा है। ये वेबसाइट भारत रत्न सम्मान (https://brs.inc) नाम से है। ये वेबसाइट प्रतिष्ठित राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान करने का दावा करती है। ऐसा दावा है कि इन राष्ट्रीय पुरस्कारों में भारत रत्न सम्मान, पद्म विभूषण सम्मान और पद्म भूषण सम्मान शामिल है। फर्जी वेबसाइट में लिखा गया है कि हम पुरस्कार समारोह 31 जुलाई 2025 को दिल्ली, भारत में आयोजित करने जा रहे हैं।

पूरी तरह फर्जी है ये वेबसाइट
ये वेबसाइट पूरी तरह फर्जी है। भारत सरकार के प्रेस इन्फार्मेशन ब्यूरो (PIB) की तरफ से ये जानकारी दी गई है। पीआईबी के फैक्ट चेक ने बताया कि एक फर्जी वेबसाइट, https://brs.inc झूठा दावा करती है कि यह भारत सरकार द्वारा मान्यता प्राप्त और अधिकृत एक सेमी स्ट्रक्चर्ड सरकारी संगठन है।
सतर्क रहें और ऐसे घोटालों में न फंसें
पीआईबी फैक्ट चेक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, 'ये वेबसाइट प्रतिष्ठित राष्ट्रीय पुरस्कार प्रदान करने का भी दावा करती है। इनमें भारत रत्न सम्मान, पद्म विभूषण सम्मान और पद्म भूषण सम्मान शामिल हैं। भारत सरकार के पीआईबी फैक्ट चेक ने साफ तौर पर कहा कि यह वेबसाइट भारत सरकार से जुड़ी नहीं है। सतर्क रहें और ऐसे घोटालों में न फंसें।