1. Hindi News
  2. फैक्ट चेक
  3. Fact Check: इमाम बुखारी का हो गया इंतकाल! सोशल मीडिया में दौड़ रही ये फर्जी अफवाह, उनके बेटे ने जारी किया बयान-VIDEO

Fact Check: इमाम बुखारी का हो गया इंतकाल! सोशल मीडिया में दौड़ रही ये फर्जी अफवाह, उनके बेटे ने जारी किया बयान-VIDEO

 Reported By: Shoaib Raza Edited By: Dhyanendra Chauhan
 Published : May 31, 2025 07:12 am IST,  Updated : May 31, 2025 07:30 am IST

दिल्ली की शाही जामा मस्जिद के इमाम हजरत सैयद अहमद बुखारी के इंतकाल की अफवाह कई सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म में वायरल हो रही है। इंडिया टीवी ने इस अफवाह का फैक्ट चेक किया है।

फैक्ट चेक- India TV Hindi
फैक्ट चेक Image Source : INDIA TV GFX

सोशल मीडिया के जमाने में कब क्या वायरल हो जाए पता नहीं। इनमें से कई वीडियो और फोटो फेक होते हैं। यहां तक की कुछ अफवाहों और खबरों को फर्जी तरीके से वायरल किया जाता है। इंडिया टीवी की फैक्ट चेक टीम फेक वीडियो, फोटो और इन फर्जी खबरों और अफवाहों की सत्यता की जांच करती है।

क्या हो रहा वायरल?

सोशल मीडिया के एक्स प्लेटफॉर्म में दिल्ली की शाही जामा मस्जिद के इमाम के इंतकाल (देहांत) की अफवाह वायरल हो रही है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के एक यूजर ने दावा किया कि इमाम बुखारी का इंतकाल हो गया है। बागमारू मुनव्वर (Bagmaru Munawwar) नाम के शख्स ने एक्स पर अपना दावा करते हुए लिखा, 'हजरत सैयद अहमद बुखारी साहब के इंतकाल की खबर से दिल गमगीन है। एक रोशन चराग बुझ गया। अल्लाह तआला मरहूम को जन्नतुल फिरदौस में आला मुकाम अता फरमाए! आमीन।'

वायरल हो रही ये अफवाह
Image Source : X/BAGMARUSPEAKSवायरल हो रही ये अफवाह

अफवाह की सारी बातें बेबुनियाद

इंडिया टीवी की फैक्ट चेक टीम ने इस दावे की सत्यता की जांच की है। इंडिया टीवी के रिपोर्टर शोएब रजा ने कहा कि सोशल मीडिया के कई प्लेटफॉर्म पर लगातार ये झूठी अफवाह फैलाई जा रही है कि इमाम बुखारी का इंतिकाल (देहांत) हो गया है। ये सारी बातें बेबुनियाद हैं। 

बेटे ने कहा- उनकी तबियत है ठीक

वहीं, इंडिया टीवी को इमाम बुखारी के बेटे शाबान बुखारी का भी एक वीडियो मिला है। इस वीडियो में इमाम बुखारी के बेटे शाबान बुखारी ने कहा कि उनके पिता अस्पताल में एडमिट हैं। दिल्ली के अपोलो अस्पताल में मुंह में हुए इन्फेक्शन का इलाज चल रहा है, अब उनकी तबियत ठीक है। जल्द ही अस्पताल से छुट्टी मिल जाएगी।

पूरी तरह फर्जी है ये अफवाह

इस तरह से इंडिया टीवी ने अपने फैक्ट चेक में पाया कि इमाम बुखारी के देहांत की अफवाह पूरी तरह फर्जी है। उनका दिल्ली के अपोलो अस्पताल में मुंह में हुए इन्फेक्शन का इलाज चल रहा है। अब उनकी सेहत में सुधार भी है। इस बात की पुष्टि इंडिया टीवी के रिपोर्टर और साथ ही इमाम बुखारी के बेटे शाबान बुखारी ने की है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। फैक्ट चेक से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।