1. Hindi News
  2. फैक्ट चेक
  3. Fact Check: क्या तेज प्रताप यादव ने तेजस्वी को कहा ‘नचनिया’? यहां जानें वायरल Video का सच

Fact Check: क्या तेज प्रताप यादव ने तेजस्वी को कहा ‘नचनिया’? यहां जानें वायरल Video का सच

 Published : Sep 10, 2025 02:40 pm IST,  Updated : Sep 10, 2025 02:41 pm IST

पीटीआई फैक्ट चेक: सोशल मीडिया पर एक वीडियो को शेयर करते हुए दावा किया जा रहा है कि बिहार के पूर्व मंत्री तेज प्रताप यादव ने आरजेडी नेता तेजस्वी यादव को नचनिया कहा है। हालांकि, Fact Check में सच कुछ और ही सामने आया है।

Fact check- India TV Hindi
फैक्ट चेक। Image Source : SCREENSHOT

बिहार में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं। इसी बीच आरजेडी नेता तेजस्वी यादव की एक डांस रील सोशल मीडिया पर वायरल हुई है, जिसमें वो कुछ युवकों के साथ थिरकते नजर आ रहे हैं। इसी रील के साथ अब उनके बड़े भाई तेज प्रताप यादव का एक इंटरव्यू क्लिप जोड़कर वायरल किया जा रहा है। इस वीडियो को शेयर करते हुए कई यूजर्स दावा कर रहे हैं कि तेज प्रताप यादव ने तेजस्वी यादव को नचनिया कहा है।

क्या हो रहा है दावा?

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में तेज प्रताप कहते दिख रहे हैं, "जो नाचते हैं, डांस करते हैं, उन्हें नचनिया ही कहा जाएगा। नाचते रहें, और अगर नाचते-नाचते चुनाव जीत जाएं तो हमारी तरफ से शुभकामनाएं हैं।" इस वायरल वीडियो शेयर करते हुए एक यूजर ने लिखा- “पहली बार तेजप्रताप यादव ने सही बात कही है।” कई अन्य यूजर्स ने भी ऐसे ही दावे के साथ वीडियो को शेयर किया है।

Fact check
Image Source : SCREENSHOTफैक्ट चेक।

पड़ताल:

वायरल दावे की सच्चाई जानने के लिए हमने मामले को संबंधित कीवर्ड से सर्च किया गया। इस दौरान हमें राजस्थान पत्रिका की वेबसाइट पर 5 सितंबर 2025 को प्रकाशित एक रिपोर्ट मिली। इस रिपोर्ट में तेज प्रताप यादव का बयान दर्ज है, जिसमें उन्होंने कहा,“अगर वह नाच रहे हैं, तो मैं क्या कर सकता हूं? अगर वह नाचना चाहते हैं, तो नाचेंगे। उन्हें कौन रोक सकता है? मैं कई बार बांसुरी बजाता हूं। हर किसी का अपना हुनर होता है। युवा इससे प्रेरित होंगे। श्रीकृष्ण भी नाचते थे।” हालांकि, ध्यान देने वाली बात यह है कि वायरल वीडियो और यह वीडियो दोनों अलग हैं। इस रिपोर्ट में तेज प्रताप यादव ने कहीं भी तेज प्रताप को ‘नचनिया’ नहीं कहा है।

Fact check
Image Source : SCREENSHOTफैक्ट चेक।

सोशल मीडिया पर जो वीडियो वायरल हो रहा है उसमें दिख रहे माइक पर ‘Prayas News’ लिखा हुआ नजर आ रहा था। इसी क्लू के आधार पर सर्च करने पर हमें Prayas News के यूट्यूब चैनल पर इस इंटरव्यू का पूरा वीडियो मिला, जिसे 23 जुलाई 2025 को अपलोड किया गया था।  इस वीडियो में 9 मिनट 15 सेकंड पर पत्रकार तेज प्रताप यादव से भोजपुरी स्टार पवन सिंह को लेकर सवाल करते हैं। यहां पवन सिंह के एक सोशल मीडिया पोस्ट का जिक्र होता है, जिसे तेज प्रताप की उस टिप्पणी के जवाब के रूप में देखा गया था, जिसमें उन्होंने पवन सिंह को ‘नचनिया’ कहा था।

इसके बाद 10 मिनट 9 सेकंड पर वही हिस्सा आता है, जिसे वायरल क्लिप में काटकर शेयर किया जा रहा है। इस दौरान तेज प्रताप यादव, पवन सिंह का जिक्र करते हुए कहते हैं- “वो नाचते हैं, डांस करते हैं तो उसको क्या कहेंगे? नेता भाषण देता है तो लोग कहते हैं कि नेता भाषण दे रहा है, कलाकार नाच रहा है तो उसे नचनिया ही कहेंगे न। तो नाचते रहें वो, नाचते-नाचते अगर चुनाव जीत जाएं तो हमारी तरफ़ से शुभकामनाएं।” यही बयान बाद में काटकर इस तरह से फैलाया गया मानो तेज प्रताप यादव ने अपने छोटे भाई तेजस्वी यादव को ‘नचनिया’ कहा हो। जबकि हकीकत यह है कि यह टिप्पणी भोजपुरी स्टार पवन सिंह को लेकर की गई थी, न कि तेजस्वी यादव पर।

Fact check
Image Source : SCREENSHOTफैक्ट चेक।

Fact Check में क्या निकला?

पड़ताल में स्पष्ट हुआ कि तेज प्रताप यादव को लेकर किया जा रहा दावा भ्रामक है। दरअसल, जो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है, वह एडिटेड है। असल वीडियो में तेज प्रताप यादव ने यह टिप्पणी अपने भाई तेजस्वी यादव के लिए नहीं, बल्कि भोजपुरी अभिनेता पवन सिंह के लिए की थी। वीडियो के एक हिस्से को काटकर गलत संदर्भ में शेयर किया जा रहा है। (इनपुट: भाषा)

ये भी पढ़ें- Fact Check: यमुना में आई बाढ़ से बचकर दिल्ली छोड़ भाग रहे लोग? जानें क्या है वायरल वीडियो की सच्चाई

Fact Check: क्या बिहार में BJP नेता पर अंडे से किया गया हमला, जानें क्या है दावे का पूरा सच?

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। फैक्ट चेक से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।