Fact Check: देश के विभिन्न हिस्से में हो रही भारी बारिश के चलते बाढ़, भूस्खलन और बादल फटने की घटनाएं सामने आ रही हैं। बीते दिनों दिल्ली में यमुना नदी खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया था, जिसकी वजह से कई इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति बन गई थी। इस बीच, सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जो लाल किले के आस-पास का बताया जा रहा है।
वायरल वीडियो में क्या है?
इस वीडियो में लाल किले के आस-पास पानी का तेज बहाव दिखाई दे रहा है। वीडियो देख ऐसा लग रहा है कि झरना बह रहा हो। कुछ यूजर्स इस वीडियो को हालिया बता रहे हैं और बता रहे हैं कि भारी बारिश के बाद लाल किला का ये हाल है।

गलत पाए गए वीडियो के दावे
जब इस वीडियो का फैक्ट चेक किया गया तो यह भ्रामक निकला। जांच में पता चला कि लाल किले के पास पानी भरने का यह वीडियो अभी का नहीं, बल्कि साल 2024 का है, जब तेज बरसात के बाद वहां भारी जलजमाव हो गया था। हालांकि, इस बार भी लगातार बारिश और यमुना का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर जाने के कारण दिल्ली के कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात जरूर बन गए थे।
वायरल वीडियो के एक की-फ्रेम को गूगल रिवर्स इमेज सर्च की मदद से खंगाला गया। जांच में यह वीडियो 'टाइम्स नाउ नवभारत' के यूट्यूब चैनल पर मिला। यहां ये वीडियो 28 जून 2024 को अपलोड किया गया था। वीडियो के शीर्षक में लिखा है, "दिल्ली में बारिश का कहर 'नाइग्रा फॉल' बना लाल किला!"

जब पड़ताल आगे बढ़ी तो पाया कि 28 जून 2024 को 'भारत समाचार' पर भी यह वायरल वायरल प्रकाशित हुआ था। इस वीडियो के शीर्षक में लिखा है, 'दिल्ली की भयंक बारिश, लाल किले के पास का दृश्य'
वायरल वीडियो का सच
इस साल वायरल हो रहे वीडियो की तुलना पिछले साल के वीडियो से की गई, तो दोनों बिल्कुल एक जैसे निकले। इससे साफ हो गया कि यह वायरल वीडियो इस साल का नहीं, बल्कि पिछले साल का है। जांच में पता चला कि लाल किले के पास पानी भरने का यह वीडियो साल 2024 का है, जब तेज बरसात के बाद वहां भारी जलजमाव हो गया था।