Fact Check: सोशल मीडिया के दौर में कई तरह के फर्जी वीडियो वायरल हो जाते हैं, जिनका असलियत से कोई लेना-देना नहीं होता है। फेक वीडियो ऐसे कंटेंट के साथ शेयर किए जाते हैं कि लोग उसे सही मान लेते हैं। इन दिनों एक ऐसा ही वीडिया सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक शख्स नाले से गंदा पानी निकालकर बिरयानी में डालते हुए दिखाया जा रहा है।
क्या हो रहा है वायरल?
इस वीडियो में एक शख्स को नाले से गंदा पानी निकालकर बिरयानी के बड़े बर्तन में डालते हुए दिखाया गया है। वीडियो को एक खास समुदाय से जोड़कर सांप्रदायिक और भ्रामक दावों के साथ शेयर किया जा रहा है। 19 दिसंबर 2025 को X समेत अन्य प्लेटफॉर्म्स पर कई यूजर्स ने इस वीडियो को शेयर किया। वीडियो के साथ कैप्शन में लिखा गया, "बिरयानी खाने वालों के लिए अच्छी वीडियो है, ये जाहिल कौम न सुधरे हैं न सुधरेंगे।"

दावे में क्या निकला?
India TV की ओर से किए गए फैक्ट चेक में यह दावा पूरी तरह फर्जी पाया गया। जांच में यह वीडियो पूरी तरह से फर्जी और AI जनरेटेड पाया गया है।
पड़ताल में कैसे खुला झूठ?
जब इस वीडियो की गहराई से जांच की गई, तो सच्चाई कुछ और ही निकली। सबसे पहले संबंधित कीवर्ड्स के जरिए सर्च करने पर ऐसी किसी भी घटना की कोई आधिकारिक या विश्वसनीय मीडिया रिपोर्ट नहीं मिली। अगर ऐसी कोई वास्तविक घटना हुई होती, तो यह मुख्यधारा की मीडिया में जरूर होती।

वीडियो को बारीकी से देखने पर इसमें कई विसंगतियां नजर आईं, जो आमतौर पर AI द्वारा बनाए गए वीडियो में होती हैं। पात्रों की हरकतें और बैकग्राउंड वास्तविक नहीं लग रहे थे। पुख्ता सबूत के लिए वीडियो को 'Hive Moderation' (एक एआई डिटेक्शन टूल) पर स्कैन किया गया। जांच के परिणाम चौंकाने वाले थे- यह वीडियो 99.9% AI जनरेटेड पाया गया।