मुंबई के एक अस्पताल में भर्ती अभिनेता अक्षय कुमार की मां अरुणा भाटिया का बुधवार को सुबह निधन हो गया। अक्षय कुमार ने ट्विटर पर यह जानकारी दी और अपनी मां को श्रद्धांजलि दी। अभिनेता की मां हीरानंदानी अस्पताल के आईसीयू में भर्ती थीं। उनके निधन के बाद कई जानी-मानी हस्तियां उन्हें अंतिम विदाई देने पहुंच रही हैं। इनमें रितेश देशमुख, साजिद खान, रमेश तौरानी शामिल हैं।
रोहित शेट्टी, अक्षय कुमार की मां के अंतिम दर्शन करने पहुंचे। रोहित और अक्षय ने 'सूर्यवंशी' फिल्म में साथ काम किया है।
‘बेल बॉटम’ के अभिनेता अक्षय कुमार ने आज ट्वीट किया, ‘‘वह मेरी जिंदगी का अहम हिस्सा थीं। आज मुझे असहनीय पीड़ा महसूस हो रही है। मेरी मां अरुणा भाटिया ने आज सुबह इस दुनिया को अलविदा कह दिया और परलोक में मेरे पिता के पास चली गईं।’’
अभिनेता ने कहा, ‘‘मैं आपकी दुआओं का सम्मान करता हूं। मैं और मेरा परिवार मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं। ओम शांति।’’
अक्षय कुमार ने बीते मंगलवार रात को सोशल मीडिया पर उनकी मां के अच्छे स्वास्थ्य के लिए दुआ मांगने वाले शुभचिंतकों को धन्यवाद दिया था।
अपनी मां के अस्पताल में भर्ती होने की सूचना पाकर अभिनेता बीते सोमवार को देश लौटे। वह ब्रिटेन में अपनी आगामी फिल्म ‘सिंड्रेला’ की शूटिंग कर रहे थे।
अक्षय कुमार की मां के अंतिम दर्शन के लिए बॉलीवुड सेलेब्स के श्मशान घाट आने का सिलसिला जारी है।