बॉलीवुड में 'ड्रीम गर्ल' से मशहूर दिग्गज अभिनेत्री और सांसद हेमा मालिनी आज अपना 71वां बर्थडे सेलिब्रेट कर रही हैं। उनका जन्म 16 अक्टूबर 1948 में तमिलनाडु में हुआ था। वो एक्ट्रेस होने के साथ-साथ राइटर, डायरेक्टर, प्रोड्यूसर, डांसर और पॉलिटिशियन भी हैं। उन्होंने तमिल फिल्म Idhu Sathiyam से एक्टिंग की दुनिया में कदम रखा था। इसके बाद वो बतौर लीड 'सपनों का सौदागर' (1968) फिल्म में नज़र आईं। उन्होंने धर्मेंद्र, राजेश खन्ना और देवानंद जैसे सितारों के साथ अभिनय किया। वो 80 के दशक में सबसे ज्यादा फीस लेने वाली अभिनेत्रियों में से एक थीं। आइये उनकी जिंदगी के बारे में कुछ दिलचस्प पहलुओं पर नज़र डालते हैं...
हेमा मालिनी और धर्मेंद्र ने पहली बार 'तुम हसीं मैं जवां' (1970) फिल्म में काम किया था। 'सीता और गीत', 'शोले' और 'ड्रीम गर्ल' जैसी फिल्मों में नजर आने के बाद वर्ष 1980 में दोनों शादी के बंधन में बंध गए।
उस समय धर्मेंद्र पहले से शादीशुदा थे और दो बच्चों सनी देओल और बॉबी देओल के पिता थे। हेमा मालिनी और धर्मेंद्र के दो बच्चे हैं, ईशा देओल और आहना देओल।
हेमा मालिनी का कहना है कि प्यार एक खूबसूरत अहसास है और उन्होंने दिग्गज अभिनेता और अपने पति धर्मेद्र की वजह से प्यार की अनुभूति जाहिर करना सीखा है। यादगार फोन कॉल के बारे में उन्होंने एक बार कहा था कि, "धर्मेंद्र जी ने मुझे फोन कर आई लव यू बोला था।"
उन्होंने कहा, "उन दिनों में यह बहुत मुश्किल था, क्योंकि लैंडलाइन फोन होते थे और आपको फोन पर बात करने के लिए एक उचित स्थान देखना पड़ता था। रोमांस बहुत ही खूबसूरत चीज है। मैं केवल धर्मजी की वजह से यह भावना व्यक्त कर सकती हूं।"