'करवा चौथ' का पर्व पूरे देश में उत्साह के साथ मनाया जाता है। फिल्म इंडस्ट्री में भी इसकी धूम रहती है। जानी-मानी एक्ट्रेसेस अपने पति की लंबी उम्र के लिए दिनभर व्रत रखती हैं तो एक्टर्स भी इस खास दिन पर अपनी पत्नी का पूरा साथ देते हैं। हम आपको बॉलीवुड के ऐसे कपल्स के बारे में बताने जा रहे हैं, जिन्होंने बड़े पर्दे पर अपनी केमिस्ट्री के खूब जलवे बिखेरे। फैंस इन्हें सिल्वर स्क्रीन के साथ रियल लाइफ में भी साथ देखना पसंद करते हैं। ये कपल्स सात फेरे लेकर हमेशा के लिए एक-दूजे के हो चुके हैं।
इन सेलेब्स में अमिताभ बच्चन-जया बच्चन, रणवीर सिंह-दीपिका पादुकोण, धर्मेंद्र-हेमा मालिनी, अभिषेक बच्चन-ऐश्वर्या राय, सैफ अली खान-करीना कपूर सहित कई जोड़ियां शामिल हैं।
अमिताभ बच्चन और जया बच्चन की जोड़ी बेहद मशहूर है। इस खूबसूरत जोड़ी ने साथ में कई फिल्मों में काम किया है। इनकी जोड़ी को फैंस साथ में देखना पसंद करते हैं। फिर चाहे वो ऑनस्क्रीन हो या फिर ऑफस्क्रीन।
हेमा मालिनी और धर्मेंद्र ने एक साथ कई फिल्मों में काम किया है। इनमें तुम हसीन मैं जवां, ड्रीम गर्ल, आसपास, राजा जानी, बगावत, किनारा, आतंक, शराफत, नया जमाना, सीता और गीता, चरस और दो दिशाएं जैसी 28 फिल्में शामिल हैं। दोनों ने 1980 में शादी की।
अजय देवगन और काजोल ने इश्क, प्यार तो होना ही था, दिल क्या करे, गुंडाराज, राजू चाचा, यू मी और हम जैसी फिल्मों में साथ काम किया था। वो हाल ही में 'तान्हाजी' मूवी में नज़र आए थे। फैंस इन्हें स्क्रीन पर साथ में देखना पसंद करते हैं। ये रियल लाइफ में भी पॉपुलर हैं। इनकी क्यूट नोकझोंक सभी को खूब पसंद आती है। काजोल ने अपने करियर के पीक पर अजय से शादी की थी।
सैफ अली खान और करीना कपूर की जोड़ी बॉलीवुड में काफी मशहूर है। दोनों ने साल 2012 में प्राइवेट सेरेमनी में शादी की थी। करीना ने 2016 में तैमूर और 2021 में जेह को जन्म दिया। 'सैफीना' की ऑनस्क्रीन और ऑफस्क्रीन केमिस्ट्री हिट है। दोनों ने ओमकारा, कुर्बान, टशन, एजेंट विनोद जैसी मूवीज में साथ काम किया है।
बाजीराव मस्तानी, पद्मावत और रामलीला जैसी फिल्मों में अपनी बेमिसाल केमिस्ट्री दिखाने के बाद रणवीर सिंह और दीपिका पादुकोण ने रियल लाइफ में भी एक-दूसरे का हाथ थाम लिया। इस पावर कपल को फैंस साथ में देखना पसंद करते हैं। दोनों जल्द ही 83 नाम की मूवी में साथ नज़र आएंगे, जिसमें दीपिका ऑफस्क्रीन वाइफ का रोल भी निभाएंगी। शादी के बाद ये इनकी साथ में पहली फिल्म होगी।
ऋषि कपूर आज भले ही इस दुनिया में नहीं हैं, लेकिन लोग आज भी उनके निभाए किरदारों के जरिए उन्हें याद करते हैं। नीतू कपूर संग उनकी जोड़ी को ऑन और ऑफस्क्रीन खूब पसंद किया गया। दोनों साथ में कई फिल्मों में नज़र आए।
ट्विंकल खन्ना अब भले ही सिल्वर स्क्रीन पर कम नज़र आती हैं, लेकिन अक्षय कुमार संग उनकी जोड़ी को खूब सराहा गया था। दोनों ने साथ में कई मूवीज में काम किया है।
अभिषेक बच्चन और ऐश्वर्या राय बॉलीवुड के पॉपुलर कपल हैं। दोनों ने गुरु फिल्म में साथ काम किया था और इस फिल्म में इनकी केमिस्ट्री काफी पसंद गई थी। इसके अलावा दोनों ढाई अक्षर प्रेम के, कुछ न कहो, सलाम, धूम, सरकार राज और रावण जैसी फिल्मों में साथ नज़र आए। दोनों निजी जिंदगी में बेहद खुश हैं। इनकी एक बेटी है, जिसका नाम आराध्या है।
रितेश देशमुख और जेनेलिया डिसूजा की पहली मुलाकात एक फिल्म के सेट पर ही हुई थी, जिसके बाद धीरे-धीरे दोनों एक-दूसरे के प्यार में पड़ गए। दोनों पति-पत्नी सोशल मीडिया पर भी काफी एक्टिव रहते हैं। उनके फनी वीडियो खूब पसंद किए जाते हैं। दोनों ने साथ में कई फिल्मों में काम कर दर्शकों को एंटरटेन किया है।