शुक्रवार को सायरा बानो दिवंगत अभिनेता दिलीप साहब के नए बंगले के बाहर नजर आईं। इस दौरान उन्होंने दिलीप साहब की एक फोटो फ्रेम हाथ में पकड़ कर पैपराजी को पोज दिया।
इस मौके पर सायरा बानो के साथ उनकी टीम और डॉक्टर भी दिखे। बीते 5 सितंबर को ही वह मुंबई के हिंदुजा अस्पताल से डिस्चार्ज की गई थीं। अस्पताल से डिस्चार्ज होने के बाद एक्ट्रेस पहली बार घर से बाहर निकलीं। वो बांद्रा में बन रहे नए बंगले का मुआयना करने पहुंची थीं।
सायरा पीच कलर का सूट पहने हुए और सिर को दुपट्टे से ढके हुए नजर आईं। उन्होंने अपने चेहरे को मास्क से ढक रखा था।
98 साल की उम्र में दिलीप कुमार का बीते 7 जुलाई को लंबी बीमारी के चलते निधन हो गया। इसके बाद से सायरा काफी अकेलापन महसूस करने लगी हैं। इन दोनों की जोड़ी हिंदी सिनेमा की सबसे मशहूर और प्यारी जोड़ी मानी जाती है। दोनों दिग्गज कलाकारों ने 1966 में शादी की थी।
खबरों की माने तो बांद्रा स्थित दिलीप साहब के इस बंगले को लेकर दिवंगत अभिनेता और उनके भाइयों के बीच विवाद चल रहा था। अब इस बंगले में वापस निर्माण करवाया जा रहा है।