दीपावली की खरीदारी के लिए दिल्ली के बाजारों में उमड़ी ग्राहकों की भारी भीड़, इन चीजों की रही भारी डिमांड
दीपावली की खरीदारी के लिए दिल्ली के बाजारों में उमड़ी ग्राहकों की भारी भीड़, इन चीजों की रही भारी डिमांड
दिल्ली के प्रमुख थोक बाजारों में शामिल सदर बाजार में भी काफी रौनक रही। वहां एक थोक विक्रेता ने बताया कि सजावटी लाइट, दीए, आर्टिफिशियल फूल और त्योहार से जुड़ी अन्य वस्तुओं की मांग है।
Published : Nov 08, 2026 10:49 am IST, Updated : Nov 08, 2026 10:49 am IST
1/6Image Source : pti
राजधानी दिल्ली में शनिवार को दीपावली की खरीदारी के लिए बाजारों में लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। फूलों की रंग-बिरंगी मालाओं, जगमगाती रोशनी और सजावटी सामान से सजे बाजारों में लोग त्योहार के लिए आखिरी समय की खरीदारी करते नजर आए। मेहरौली के थोक फूल बाजार से लेकर सरोजिनी नगर, लाजपत नगर, सदर बाजार और करोल बाग तक के बाजारों में सुबह से ही खरीदारों की भारी भीड़ देखने को मिली।
2/6Image Source : pti
मेहरौली के फूल बाजार में दिल्ली और आसपास के इलाकों से आए लोगों ने गेंदे के फूलों, गुलाब की पंखुड़ियों और कलियों की खरीदारी की। दीपावली की पूजा के लिए इन फूलों की सबसे ज्यादा मांग रही। एक दुकानदार ने कहा, ''ज्यादातर खरीदारों की पहली पसंद गेंदा है, जबकि गुलाब की पंखुड़ियों और कलियों की भी काफी मांग है। हमारे पास रजनीगंधा और जरबेरा समेत कई तरह के फूल उपलब्ध हैं। सुबह भीड़ इतनी ज्यादा थी कि खड़े होने तक की जगह नहीं थी।''
गुरुग्राम से आए एक ग्राहक नारायण सिंह ने कहा कि मेहरौली के बाजार में दीपावली की पूजा के लिए फूलों की अच्छी किस्में उपलब्ध हैं और यहां सामान्य बाजारों के मुकाबले कीमतें भी कम हैं। एक अन्य ग्राहक ने बताया कि फूलों की कीमत 200 से 300 रुपये के बीच है।
3/6Image Source : pti
सरोजिनी नगर बाजार में भी कपड़े, साज-सज्जा के सामान और त्योहार से जुड़ी अन्य वस्तुओं की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ रही। सरोजिनी नगर बाजार के एक दुकानदार ने कहा, ''दीपावली की खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में ग्राहक आ रहे हैं। लोग कपड़े, साज-सज्जा के सामान और त्योहार से जुड़ी अन्य चीजें खरीद रहे हैं। सुबह से ही बाजार में काफी चहल-पहल है।''
4/6Image Source : pti
लाजपत नगर बाजार में भी लोगों ने सजावटी सामान, कपड़े और घरेलू उपयोग की वस्तुओं की खरीदारी की। लाजपत नगर के एक दुकानदार अंकित ने कहा, ''हमारे पास त्योहार के लिए सजावटी और घरेलू उपयोग की कई तरह की वस्तुएं हैं। लोग अपने घरों के लिए सामान खरीदने आ रहे हैं और आज बाजार में भीड़ बढ़ गई है।''
5/6Image Source : pti
दिल्ली के प्रमुख थोक बाजारों में शामिल सदर बाजार में भी काफी रौनक रही। वहां एक थोक विक्रेता ने बताया कि सजावटी लाइट, दीए, आर्टिफिशियल फूल और त्योहार से जुड़ी अन्य वस्तुओं की मांग है। कई ग्राहक थोक में सामान खरीद रहे हैं, जबकि शहर के अलग-अलग हिस्सों से खुदरा विक्रेता भी दीपावली के लिए सामान जुटाने बाजार पहुंच रहे हैं।
6/6Image Source : pti
करोल बाग बाजार में भी सजावटी लाइट, दीये, दीवारों पर लगाने वाले सजावटी सामान और घरों को सजाने में इस्तेमाल होने वाली अन्य वस्तुओं की दुकानों पर भीड़ रही। एक दुकानदार ने कहा, ''लोग घरों को सजाने के लिए अलग-अलग तरह की लाइट और सजावटी सामान के बारे में पूछताछ कर रहे हैं। यहां इनकी काफी विविधता है।'' बाजार में खरीदारी करने आए एक ग्राहक ने कहा, ''हमने अपने घरों को सजाने के लिए लाइट, दीये और अन्य सजावटी सामान खरीदे हैं।''