Published : Feb 23, 2026 06:14 pm IST, Updated : Feb 23, 2026 06:14 pm IST
1/6Image Source : rashmika mandanna Instagram
रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा की लव स्टोरी किसी फिल्मी स्क्रिप्ट से कम नहीं रही। उनका रिश्ता कभी बड़े ऐलान के साथ सामने नहीं आया, बल्कि चुप्पी, इशारों और सही वक्त पर साथ दिखने से धीरे-धीरे मजबूत होता गया। पिछले कुछ वर्षों में इस जोड़ी को लेकर कई तरह की चर्चाएं हुईं कभी सीक्रेट सगाई की खबरें, तो कभी लंबे अंतराल के बाद फिर से स्क्रीन शेयर करने की अटकलें। आखिरकार रविवार रात दोनों सितारों ने अपने रिश्ते को आधिकारिक रूप से स्वीकार करते हुए शादी की पुष्टि कर दी। इतना ही नहीं, वे अपने रॉयल वेडिंग सेलिब्रेशन के लिए उदयपुर भी पहुंच चुके हैं। 26 फरवरी 2026 को यह चर्चित जोड़ी सात फेरे लेने वाली है। लेकिन इस खूबसूरत मुकाम तक पहुंचने की उनकी कहानी भी कम दिलचस्प नहीं है।
2/6Image Source : rashmika mandanna Instagram
साल 2018 में फिल्म Geetha Govindam की जबरदस्त सफलता के बाद रश्मिका और विजय की ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री ने दर्शकों का दिल जीत लिया। फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया और इसी के साथ दोनों के बीच खास रिश्ते की अटकलें भी शुरू हो गईं। फैंस को लगा कि पर्दे पर दिखने वाली चिंगारी शायद असल जिंदगी में भी मौजूद है।
3/6Image Source : rashmika mandanna Instagram
उसी दौर में रश्मिका अपनी निजी जिंदगी में बड़े बदलाव से गुजर रही थीं। 22 साल की उम्र में उन्होंने अपने किरिक पार्टी के को-स्टार रक्षित शेट्टी से सगाई की थी। लेकिन ‘गीता गोविंदम’ की रिलीज के करीब एक महीने बाद दोनों ने अपनी सगाई तोड़ दी। इस फैसले ने काफी सुर्खियां बटोरीं, हालांकि रश्मिका ने इसे बेहद गरिमा के साथ संभाला और अपने करियर पर ध्यान केंद्रित किया। इसके बाद उन्होंने सैंडलवुड से आगे बढ़कर तेलुगु और तमिल सिनेमा में अपनी पहचान बनाई। महेश बाबू, अल्लू अर्जुन और कार्थी जैसे बड़े सितारों के साथ काम करते हुए उन्होंने खुद को पैन-इंडिया स्टार के रूप में स्थापित किया।
4/6Image Source : rashmika mandanna Instagram
इन सबके बीच एक नाम लगातार रश्मिका के साथ जुड़ता रहा विजय देवरकोंडा। फैंस ने गौर किया कि दोनों अक्सर एक ही लोकेशन से तस्वीरें पोस्ट करते थे। इंस्टाग्राम स्टोरीज में समान बैकग्राउंड, छुट्टियों की एक जैसी झलकियां और कुछ वायरल लंच डेट वीडियो ने अफवाहों को और हवा दी। हालांकि, दोनों ने कभी खुलकर कुछ नहीं कहा और अपनी निजी जिंदगी को निजी ही रखा। इस साल की शुरुआत में जब दोनों को रोम में साथ न्यू ईयर मनाते देखा गया तो चर्चाएं और तेज हो गईं। सोशल मीडिया पर उनकी तस्वीरें तेजी से वायरल हुईं और फैंस को यकीन होने लगा कि यह रिश्ता दोस्ती से कहीं आगे बढ़ चुका है।
5/6Image Source : rashmika mandanna Instagram
पिछले साल अक्टूबर में यह अफवाह उड़ी कि दोनों ने हैदराबाद में विजय के घर पर एक निजी समारोह में सगाई कर ली है। रश्मिका की एक तस्वीर में उनकी उंगली में दिखी बड़ी अंगूठी ने अटकलों को और बढ़ा दिया। इसके कुछ समय बाद, उनकी फिल्म ‘द गर्लफ्रेंड’ के प्रमोशनल इवेंट में विजय को मजाकिया अंदाज में रश्मिका का हाथ चूमते देखा गया, जिससे फैंस की खुशी दोगुनी हो गई। हालांकि, दोनों ने लंबे समय तक इन खबरों पर चुप्पी साधे रखी।
6/6Image Source : rashmika mandanna Instagram
संबर में एक इंटरव्यू के दौरान रश्मिका ने शादी की अफवाहों पर कहा था कि वे न तो इसकी पुष्टि करना चाहती हैं और न ही खंडन। उन्होंने संकेत दिया था कि सही समय आने पर वे खुद इस बारे में बात करेंगे। अब वह समय आ चुका है। वर्षों की दोस्ती, अफवाहों और चुप्पी के बाद रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा ने अपने रिश्ते को नाम देने का फैसला कर लिया है। उदयपुर में होने वाली उनकी शादी का इंतजार फैंस बेसब्री से कर रहे हैं, और यह जोड़ी अपने नए सफर की शुरुआत के लिए तैयार है।