PHOTOS: PM मोदी ने बिहार में कुछ इस अंदाज में किया चुनावी शंखनाद, देखें तस्वीरें
PHOTOS: PM मोदी ने बिहार में कुछ इस अंदाज में किया चुनावी शंखनाद, देखें तस्वीरें
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार के समस्तीपुर और बेगूसराय से NDA के विधानसभा चुनाव अभियान की शुरुआत की। उन्होंने कर्पूरी ठाकुर को श्रद्धांजलि दी, विपक्षी INDIA गठबंधन पर हमला बोला और महिलाओं को छठ पूजा की शुभकामनाएं दीं।
Published : Oct 24, 2025 11:17 pm IST, Updated : Oct 24, 2025 11:17 pm IST
1/7Image Source : x.com/narendramodi
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को बिहार में NDA के विधानसभा चुनाव अभियान की शुरुआत की। उन्होंने समाजवादी नेता और भारत रत्न से सम्मानित ‘जननायक’ कर्पूरी ठाकुर को उनके पैतृक गांव में श्रद्धांजलि दी और विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने बेगूसराय में सूप सौंपकर छठ पूजा की शुभकामनाएं भी दीं। बिहार में 243 सीटों के लिए दो चरणों में 6 और 11 नवंबर को मतदान होगा, नतीजे 14 नवंबर को आएंगे।
2/7Image Source : x.com/narendramodi
प्रधानमंत्री मोदी ने समस्तीपुर जिले के कर्पूरी ग्राम पहुंचकर समाजवादी नेता कर्पूरी ठाकुर को श्रद्धांजलि दी। उनके साथ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और कर्पूरी ठाकुर के पुत्र व केंद्रीय मंत्री रामनाथ ठाकुर भी थे। मोदी ने ठाकुर के परिजनों से मुलाकात की और उनकी विरासत को याद करते हुए कहा, 'उन्होंने जो विरासत छोड़ी है, उसी के कारण हम जैसे लोग गरीब परिवारों में पैदा होने के बावजूद आगे बढ़ पाए हैं।' कर्पूरी ठाकुर को पिछले साल भारत रत्न से सम्मानित किया गया था।
3/7Image Source : x.com/narendramodi
समस्तीपुर और बेगूसराय में चुनावी रैलियों को संबोधित करते हुए मोदी ने विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन को ‘महालठबंधन’ करार दिया। उन्होंने कहा, 'कांग्रेस और राजद के कुछ नेता जमानत पर बाहर हैं। ये लोग भ्रष्टाचार के आरोपी हैं। चोरी इनके स्वभाव में शामिल हो गई है और अब ये ‘जननायक’ की उपाधि तक चुराने चले हैं। यह समाजवाद के प्रतीक कर्पूरी ठाकुर का अपमान है।' उन्होंने राजद पर तंज कसते हुए कहा, 'जब सभी लोगों के पास ऐसे आधुनिक उपकरण उपलब्ध हैं, तो लालटेन की कोई जरूरत नहीं है।'
4/7Image Source : x.com/narendramodi
प्रधानमंत्री मोदी ने नीतीश कुमार की तारीफ की और कहा कि उनके नेतृत्व में NDA सभी चुनावी रिकॉर्ड तोड़ेगा। उन्होंने कहा, 'गुजरात में पिछले विधानसभा चुनाव में, जहां पार्टी 30 वर्षों से सत्ता में है, पिछले सभी रिकॉर्ड टूट गए। मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और हरियाणा में भी यही स्थिति रही। मुझे विश्वास है कि बिहार में भी, नीतीश कुमार के नेतृत्व में, राजग पिछले सभी चुनावी रिकॉर्ड तोड़ देगा।'
5/7Image Source : x.com/narendramodi
प्रधानमंत्री ने बेगूसराय में छठ पूजा से पहले माताओं-बहनों को सूप सौंपकर उन्हें महापर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि NDA सरकार 14 नवंबर के बाद महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए कई कदम उठाएगी। मोदी ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा, 'जंगल राज से सबसे अधिक पीड़ित हमारी माताएं और बहनें तथा कमजोर वर्ग के लोग थे।' उन्होंने महिला मतदाताओं से अपील की कि वे RJD-कांग्रेस के लिए अपने दरवाजे बंद कर दें, क्योंकि इन दलों ने संसद में महिला आरक्षण विधेयक का विरोध किया था।
6/7Image Source : x.com/narendramodi
PM मोदी ने बिहार में NDA सरकार के कामकाज का जिक्र किया और कहा, 'पिछले 11 वर्षों में बिहार को दी गई केंद्रीय सहायता, पूर्ववर्ती सरकार से उसे प्राप्त सहायता की तुलना में 3 गुना अधिक है।' उन्होंने मखाना और मछली निर्यात को बिहार की प्रगति का प्रतीक बताया और कहा कि सरकार ‘मखाना बोर्ड’ बनाकर किसानों की आय बढ़ाएगी। उन्होंने बिहार को निवेश का आकर्षक गंतव्य बताते हुए कहा, 'मैं एक ऐसे भविष्य की कल्पना करता हूं जिसमें प्रत्येक जिला स्थानीय युवाओं के स्टार्टअप से भरा होगा।'
7/7Image Source : x.com/narendramodi
PM मोदी ने RJD के शासन को ‘जंगल राज’ करार देते हुए कहा, 'RJD के शासनकाल में फिरौती, अपहरण, हत्या और रंगदारी उद्योग की तरह फल-फूल रहे थे।' उन्होंने माओवाद के खिलाफ अपनी सरकार की उपलब्धि गिनाते हुए कहा, 'जब मैं 2014 में सत्ता में आया, तो मैंने माओवाद को समाप्त करने का संकल्प लिया था। अत्यंत विनम्रता और संतोष के साथ, मैं कह सकता हूं कि हमने माओवाद की रीढ़ तोड़ दी है। जल्द ही, देश इस समस्या से मुक्त होगा। यह मोदी की गारंटी है।'