भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच पर्थ में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच के तीसरे दिन के खेल में जोरदार रोमांच देखने को मिला। आस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 43 रन की महत्वपूर्ण बढ़त हासिल करने के बाद दूसरी पारी में चार विकेट पर 132 रन के साथ अपनी कुल बढ़त को 175 रन तक पहुंचाकर भारत के खिलाफ दूसरे क्रिकेट टेस्ट के तीसरे दिन अपना पलड़ा कुछ भारी रखा।
दूसरी पारी में आस्ट्रेलिया का कोई बल्लेबाज अब तक बड़ा स्कोर नहीं बना पाया है लेकिन मेजबान टीम उस्मान ख्वाजा (नाबाद 41) की अगुआई में पर्थ के नए स्टेडियम की मुश्किल पिच पर अपनी कुल बढ़त को 175 रन तक पहुंचाने में सफल रही। दिन का खेल खत्म होने पर कप्तान टिम पेन आठ रन बनाकर ख्वाजा का साथ निभा रहे थे। ख्वाजा ने 102 गेंद की अपनी पारी में अब तक पांच चौके मारे हैं।
इससे पहले सलामी बल्लेबाज आरोन फिंच 25 रन बनाने के बाद अंगुली में चोट लगने के कारण रिटायर्ड हर्ट हुए। फिंच 25 रन बनाने के बाद चाय से ठीक पहले शमी की गेंद पर अंगुली में चोट लगा बैठे और काफी दर्द के बीच वापस लौटे जिससे चाय का ब्रेक कुछ समय पहले लेना पड़ा। वह इसके बाद रिटायर्ड हर्ट हो गए और दोबारा बल्लेबाजी करने नहीं उतरे। दूसरी पारी में फिंच और मार्कस हैरिस (20) की मेजबान टीम की सलामी जोड़ी को भारतीय तेज गेंदबाजों ने काफी परेशान किया। हैरिस को पांचवें ओवर में जीवनदान मिला जब इशांत की गेंद पर पहली स्लिप में चेतेश्वर पुजारा ने उनका कैच टपका दिया।
भारत की ओर से दूसरी पारी में मोहम्मद शमी (23 रन पर दो विकेट) अब तक सबसे सफल गेंदबाज रहे हैं जबकि जसप्रीत बुमराह (25 रन पर एक विकेट) और इशांत शर्मा (33 रन पर एक विकेट) ने एक-एक विकेट चटकाया। चाय के बाद हैरिस का साथ देने ख्वाजा उतरे। उमेश यादव प्रभाव नहीं छोड़ पाए। हैरिस ने उन पर चौका जड़ा जबकि ख्वाजा ने भी लगातार दो चौकों के साथ टीम का स्कोर 50 रन के पार पहुंचाया। ख्वाजा ने शमी पर दो रन के साथ टीम की बढ़त को 100 रन के पार पहुंचाया। हैरिस हालांकि इसके बाद बुमराह की गेंद पर चूक कर बैठे। इस सलामी बल्लेबाज ने बुमराह की अंदर आती गेंद को छोड़ दिया जिसने उनके आफ स्टंप की बेल्स को उड़ा दिया।
शान मार्श को शुरुआत से ही परेशानी का सामना करना पड़ा और वह पांच रन बनाने के बाद शमी की गेंद पर विकेटकीपर ऋषभ पंत को कैच दे बैठे। इशांत ने अपने नए स्पैल की पहली ही गेंद पर पीटर हैंड्सकोंब (13) को पगबाधा करके आस्ट्रेलिया का स्कोर तीन विकेट पर 85 रन किया। ट्रेविस हेड और ख्वाजा ने इसके बाद पारी को संभाला। दोनों ने 30वें ओवर में टीम का स्कोर 100 रन के पार पहुंचाया और इस दौरान भाग्य ने भी उनका साथ दिया। हेड हालांकि 19 रन बनाने के बाद शमी की उछाल लेती गेंद पर तेज प्रहार करने की कोशिश में थर्ड मैन पर इशांत को कैच दे बैठे। ख्वाजा भी 37 रन के स्कोर पर भाग्यशाली रहे जब हनुमा विहारी की गेंद पर पहली स्लिप में अजिंक्य रहाणे उनका कैच लपकने में नाकाम रहे।