ताबड़तोड़ क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज बने कप्तान विराट कोहली के शानदार अर्धशतक की मदद से भारत ने दूसरे टी20 क्रिकेट मैच में दक्षिण अफ्रीका को सात विकेट से हराकर श्रृंखला में 1-0 से बढत बना ली।
जीत के लिये 150 रन का लक्ष्य भारत ने 19 ओवर में तीन विकेट खोकर ही हासिल कर लिया। कोहली ने 52 गेंद में चार चौकों और तीन छक्कों की मदद से नाबाद 72 रन बनाये। वहीं शिखर धवन ने 40 रन की पारी खेली।
कोहली ने इस क्रम में रोहित शर्मा को पछाड़कर टी20 क्रिकेट में सर्वाधिक रन अपने नाम कर लिये। उन्होंने 71 मैचों में 2441 रन बनाये हैं जबकि रोहित के 97 मैचों में 2434 रन हैं। तीसरे स्थान पर न्यूजीलैंड के मार्टिन गुप्टिल हैं जिन्होंने 78 टी20 मैचों में 2283 रन बनाये हैं।
महेंद्र सिंह धोनी के वारिस माने जा रहे भारतीय टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत 12 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। कोहली और श्रेयस अय्यर (नाबाद 16) ने हालांकि बिना कोई अड़चन के टीम को जीत तक पहुंचाया।
कोहली ने 19वें ओवर में फोर्चून को छक्का और अय्यर ने चौका लगाया। इससे पहले कप्तान क्विंटन डिकाक और पहला मैच खेल रहे तेंबा बावुमा की शानदार पारियों के बावजूद दक्षिण अफ्रीका की टीम पांच विकेट पर 149 रन ही बना सकी।
हाल ही में कप्तान बने डिकाक ने दक्षिण अफ्रीका के लिये 37 गेंद में 52 रन बनाये जबकि बावुमा ने 43 गेंद में 49 रन की पारी खेली।