वेलिंग्टन में खेल गए पहले टेस्ट मैच में टीम इंडिया को न्यूजीलैंड के हाथों 10 विकेट से करारी हार का सामना करना पड़ा।
न्यूजीलैंड ने भारत को पहली पारी में 165 रनों पर ढेर कर दिया था और अपनी पहली पारी में 348 रन बना उस पर 183 रनों की बढ़त ले ली थी। दूसरी पारी में भी भारत सिर्फ 191 रन बना सका जिससे न्यूजीलैंड को महज 9 रन का लक्ष्य मिला और आसानी से जीत हासिल की।
भारत ने चौथे दिन की शुरुआत चार विकेट के नुकसान पर 144 रनों के साथ की। वह अपने खाते में 47 रन जोड़कर बाकी के सभी छह विकेट खोकर पवेलियन लौट गई।
न्यूजीलैंड की तरफ से टिम साउदी ने दूसरी पारी में पांच तो ट्रेंट बोल्ट ने चार विकेट लिए। जबकि डेब्यू मैच खेल रहे काइल जेमिसन ने पहली पारी में चार विकेट लिए थे लेकिन दूसरी पारी में वह एक भी विकेट नहीं ले सके। हलांकि उन्होने पहली पारी में 44 रन भी बल्ले से बनाए थे।
मेजबान न्यूजीलैंड ने पहले टेस्ट मैच के चौथे दिन भारत को 10 विकेट से हराकर टेस्ट सीरीज में 1-0 की बढ़त ले ली। दूसरा टेस्ट मैच 29 फरवरी से खेला जाएगा।