एजबेस्टन के मैदान पर सबसे ज्यादा टेस्ट रन बनाने वाले भारतीय, तेंदुलकर से आगे हैं ऋषभ पंत
एजबेस्टन के मैदान पर सबसे ज्यादा टेस्ट रन बनाने वाले भारतीय, तेंदुलकर से आगे हैं ऋषभ पंत
एजबेस्टन के मैदान पर टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय बल्लेबाज विराट कोहली हैं। इस लिस्ट में ऋषभ पंत तीसरे नंबर पर हैं और उनके पास इंग्लैंड के खिलाफ अगले टेस्ट मैच में विराट से आगे निकलने का मौका होगा।
Published : Jun 30, 2025 01:43 pm IST, Updated : Jun 30, 2025 01:43 pm IST
1/6Image Source : Getty
इंग्लैंड और भारत के बीच पांच मैचों की टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला एजबेस्टन के मैदान पर खेला जाएगा। इस मैदान पर टीम इंडिया के आंकड़े उतने अच्छे नहीं रहे हैं। भारत ने इस वेन्यू पर अब तक 8 मैच खेले हैं, जिसमें से उन्हें 7 में हार का सामना करना पड़ा है और एक मैच ड्रॉ पर समाप्त हुआ। अब इस टेस्ट मैच में टीम इंडिया जीत दर्ज कर पाती है या नहीं ये तो आने वाले वक्त के साथ ही पता चलेगा। इस बीच हम आपको बताएंगे कि एजबेस्टन के इस मैदान पर अब तक किस भारतीय बल्लेबाज ने सबसे ज्यादा रन बनाए हैं। टॉप 5 पांच बल्लेबाजों की लिस्ट में एक से बढ़कर एक कई दिग्गज मौजूद हैं।
2/6Image Source : Getty
भारत के पूर्व दिग्गज टेस्ट बल्लेबाज विराट कोहली इस लिस्ट में पहले नंबर पर हैं। बर्मिंघम के मैदान पर विराट अपने करियर में सिर्फ 2 टेस्ट मैच खेल पाए। इस दौरान वह 4 पारियों में 57.75 के औसत से 231 रन बनाने में कामयब हो सके हैं। इस वेन्यू पर उनका हाईएस्ट स्कोर 149 रन रहा है। यहां पर वह एक शतकीय और एक अर्धशतकीय पारी भी खेल चुके हैं।
3/6Image Source : Getty
लिस्ट में दूसरे नंबर पर सुनील गावस्कर का नाम है। गावस्कर ने इस मैदान पर कुल 3 टेस्ट मैच खेले, इस दौरान उनके बल्ले से 36.00 के औसत से 216 रन आए। एजबेस्टन के मैदान पर गावस्कर का हाईएस्ट स्कोर 68 रन है। इस दौरान वह 3 अर्धशतक लगा पाए, इस वेन्यू पर वह एक भी शतक लगाने में कामयाब नहीं हो सके।
4/6Image Source : Getty
टीम इंडिया के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत का नाम तीसरे नंबर पर है। पंत को एजबेस्टन में अब तक सिर्फ एक टेस्ट मैच में खेलने का मौका मिला है। उस एक टेस्ट मैच की दो पारियों में उन्होंने 101.50 के औसत से 203 रन बनाए हैं। इस वेन्यू पर पंत का हाईएस्ट स्कोर 146 रन रहा है। पंत इस मैदान पर एक शतक और एक अर्धशतक लगा चुके हैं। आगामी टेस्ट मैच में उनके पास इस वेन्यू पर सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में विराट से आगे निकलने का मौका होगा।
5/6Image Source : Getty
मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर का नाम इस लिस्ट में चौथे नंबर पर हैं। अपने करियर में तेंदुलकर इस मैदान पर 2 टेस्ट मैच खेल पाए, जहां उनके बल्ले से 46.75 के औसत से 187 रन आए हैं। इस वेन्यू पर उनके नाम एक शतक दर्ज है और उनका हाईएस्ट स्कोर 122 रन है।
6/6Image Source : Getty
गुंडाप्पा विश्वनाथ का नाम इस लिस्ट में पांचवें नंबर पर हैं। उन्होंने अपने करियर के दौरान एजबेस्टन में 2 टेस्ट मैच खेले। इन 2 मैचों की 4 पारियों में विश्वनाथ ने 45.50 के औसत से 182 रन बनाए हैं। उन्होंने इस मैदान पर दो अर्धशतक लगाए हैं और यहां उनका हाईएस्ट स्कोर 78 रन रहा है।