भारतीय तेज गेंदबाजों की गिनती आज दुनिया के सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजों में की जाती है। वर्ल्ड कप हो या फिर कोई भी आईसीसी टूर्नामेंट वहां पर भारतीय गेंदबाजों की तूती बोलती है। आज हम आपको उन भारतीय खिलाड़ियों के बारे में बताने जा रहे हैं जिन्होंने एक वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा विकेट लेकर कहर मचाया था। आइए जानते हैं इन घातक गेंदबाजों के बारे में -
जसप्रीत बुमराह
भारतीय टीम के यॉर्कर किंग जसप्रीत बुमराह ने वर्ल्ड कप 2019 में भारत के लिए सबसे अधिक 18 विकेट लिए थे, इस दौरान बुमराह का औसत 20 का था। वर्ल्ड कप 2019 में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले खिलाड़ियों की सूची में बुमराह 5वें स्थान पर थे।
रोजर बिन्नी
1983 वर्ल्ड कप जिताने में जितनी अहम भूमिका बल्लेबाजों की थी उतनी ही भूमिका गेंदबाजों की भी थी। उस वर्ल्ड कप में रोजर बिन्नी ने 18 विकेट चटकाए थे और वह 1983 वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज थे। बिन्नी का औसत उस समय 18.66 का था।
उमेश यादव
ऑस्ट्रेलियाई सरजमी पर खेले गए वर्ल्ड कप 2015 में टीम इंडिया सेमीफाइनल तक पहुंचने में सफल रही थी। भारत के लिए उस वर्ल्ड कप में उमेश यादव ने 8 मैच में 18 विकेट चटकाए थे। यह विकेट उन्होंने 17.83 की औसत से लिए थे।
जहीर खान
भारत के लिए वर्ल्ड कप जैसे बड़े टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड जहीर खान के नाम है। जहीर खान ने वर्ल्ड कप 2011 में 18.76 की औसत से 21 विकेट लिए थे। वह इस वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा विकेट चटकाने वाले गेंदबाजों की सूची में पाकिस्तान के शाहिद अफरीदी के साथ पहले स्थान पर थे। भारत ने 28 साल का सूखा खत्म कर यह वर्ल्ड कप जीता था।