1-2 नहीं, डॉन ब्रैडमैन के 2 वर्ल्ड रिकॉर्ड समेत पूरे 7 महाकीर्तिमान ध्वस्त कर सकते हैं शुभमन गिल
1-2 नहीं, डॉन ब्रैडमैन के 2 वर्ल्ड रिकॉर्ड समेत पूरे 7 महाकीर्तिमान ध्वस्त कर सकते हैं शुभमन गिल
31 जुलाई से शुरू होने वाला केनिंग्टन ओवल टेस्ट सिर्फ सीरीज के लिए नहीं, बल्कि शुभमन गिल के करियर के लिए एक ऐतिहासिक मुकाबला बन सकता है। इंग्लैंड में टेस्ट कप्तान के तौर पर 700+ रन बना चुके गिल के पास आखिरी टेस्ट में इतिहास रचने का सुनहरा मौका है।
Published : Jul 29, 2025 11:50 am IST, Updated : Jul 29, 2025 11:51 am IST
1/7Image Source : Getty
शुभमन गिल इंग्लैंड दौरे पर भारतीय टीम के सबसे बड़े रन मशीन साबित हुए हैं। पहली बार टेस्ट टीम की कप्तानी करते हुए उन्होंने बल्ले से शानदार प्रदर्शन किया है और अब केनिंग्टन ओवल टेस्ट में उनके पास 7 बड़े रिकॉर्ड तोड़ने का मौका है। आइए एक नजर डालते हैं उन रिकॉर्ड्स पर जो 5वें और आखिरी टेस्ट मैच में गिल के निशाने पर होंगे...
2/7Image Source : Getty
शुभमन गिल जब केनिंग्टन ओवल में इंग्लैंड की चुनौती का सामना करने उतरेंगे, तो उनके निशाने पर भारत के लिए एक टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने का बेहतरीन चांस होगा। इसके लिए उन्हें सिर्फ अर्धशतकीय पारी की दरकार है। गिल 53 रन बनाते ही सुनील गावस्कर (774) का रिकॉर्ड तोड़ते हुए एक टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय खिलाड़ी बन जाएंगे। गिल मौजूदा सीरीज में 722 रन अपने नाम कर चुके हैं। यही नहीं, 11 रन बनाते ही वह एक टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय कप्तान बन जाएंगे। फिलहाल इस रिकॉर्ड पर गावस्कर (732 रन) का कब्जा है।
3/7Image Source : Getty
शुभमन गिल महान डॉन ब्रैडमैन के 2 बड़े वर्ल्ड रिकॉर्ड भी तोड़ सकते हैं। पहला वर्ल्ड रिकॉर्ड एक टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले कप्तान का है। गिल बतौर कप्तान अपनी पहली ही सीरीज में 700 से ज्यादा रन बना चुके हैं। अगर 5वें टेस्ट में वह 89 रन और बना देते हैं, तो डॉन ब्रैडमैन का वर्ल्ड रिकॉर्ड चकनाचूर कर देंगे। ब्रैडमैन के नाम एक सीरीज में बतौर कप्तान 810 रन बनाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड दर्ज है।
4/7Image Source : Getty
एक टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने का वर्ल्ड रिकॉर्ड भी शुभमन गिल के नाम पर हो सकता है, लेकिन इसके लिए उन्हें 253 रन बनाने होंगे। इसके लिए उन्हें दोनों पारियों में बल्ले से शतकीय पारी खेलनी होगी। ये वर्ल्ड रिकॉर्ड टूटना मुश्किल जरूर है, लेकिन गिल की फॉर्म को देखते हुए नामुमकिन नहीं है। फिलहाल यह वर्ल्ड रिकॉर्ड डॉन ब्रैडमैन (974) के नाम पर है।
5/7Image Source : Getty
इंग्लैंड में जारी सीरीज में शुभमन गिल अब तक 4 टेस्ट में 4 शतक जड़ चुके हैं। अगर एक शतक और उनके बल्ले से आ जाता है, तो वह एक टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा 5 शतक ठोकने वाले दुनिया के पहले कप्तान बन जाएंगे। अभी यह रिकॉर्ड संयुक्त रूप से 3 कप्तानों के नाम पर हैं, जिसमें डॉन ब्रैडमैन, सुनील गावस्कर और शुभमन गिल शामिल हैं। तीनों ही कप्तानों ने एक सीरीज में 4-4 शतक जड़े हैं।
6/7Image Source : Getty
शुभमन गिल अगर 5वें टेस्ट की दोनों पारियों में सैकड़ा जड़ देते हैं, तो एक टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा शतक का वर्ल्ड रिकॉर्ड चकनाचूर हो जाएगा। अभी एक सीरीज में सबसे ज्यादा शतक का वर्ल्ड रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के क्लाइड वॉलकॉट के नाम पर है। वॉलकॉट ने साल 1955 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 5 मैचों की टेस्ट सीरीज में 5 सेंचुरी जड़ी थी।
7/7Image Source : Getty
शुभमन गिल एक टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा शतक जड़ने वाले भारतीय कप्तान भी बन सकते हैं। अभी गिल दिग्गज सुनील गावस्कर और विराट कोहली के साथ बराबरी पर हैं। गावस्कर और विराट ने अपनी कप्तानी में एक टेस्ट सीरीज में 4 शतक लगाने का कारनामा किया था।