रिएलिटी शो 'खतरों के खिलाड़ी' का 11वां सीजन इस समय सुर्खियों में है। केपटाउन में इसकी शूटिंग खत्म करने के बाद अब सभी कंटेस्टेंट्स भारत लौट चुके हैं। इन प्रतिभागियों में श्वेता तिवारी, राहुल वैद्य, दिव्यांका त्रिपाठी, अभिनव शुक्ला और अनुष्का सेन सहित कई जानी-मानी हस्तियां शामिल हैं। आइये आपको बताते हैं कि सीजन 1 से लेकर 10 तक कौन-कौन इस शो का विनर बन चुका है।
सीजन 1 विनर - नेत्रा रघुरमन
खतरों के खिलाड़ी का पहला सीजन 21 जुलाई 2008 से 14 अगस्त 2008 तक चला था। इस सीजन में 12 कंटेस्टेंट्स ने हिस्सा लिया था, लेकिन मॉडल और एक्ट्रेस नेत्रा रघुरमन ने ये शो जीता था। इस शो को अक्षय कुमार ने होस्ट किया।
सीजन 2 विनर- अनुष्का मनचंदा
'खतरों के खिलाड़ी' सीजन 2 को भी अक्षय कुमार ने होस्ट किया था। इस शो का पहला एपिसोड 7 सितंबर 2009 में ऑनएयर हुआ था। इसकी विनर अनुष्का मनचंदा थीं।
सीजन 3 विनर- शब्बीर अहलूवालिया
टीवी के मशहूर अभिनेता शब्बीर अहलूवालिया ने 'खतरों के खिलाड़ी' सीजन 3 का खिताब जीता था। इस सीजन को प्रियंका चोपड़ा ने होस्ट किया था।
सीजन 4 विनर- आरती छाबड़िया
इस सीजन में होस्ट की बागडोर एक बार अक्षय कुमार ने संभाली थी। शो की विनर जानी-मानी एक्ट्रेस आरती छाबड़िया रही थीं।
सीजन 5 विनर- रजनीश दुग्गल
ये सीजन 2014 में टेलीकास्ट हुआ था। इस शो के होस्ट मशहूर फिल्म मेकर रोहित शेट्टी थे। इस सीजन को एक्टर रजनीश दुग्गल ने जीता था।
सीजन 6 विनर- आशीष चौधरी
सीजन 6 को भी रोहित शेट्टी ने होस्ट किया था। इस बार शो में सबसे ज्यादा कंटेस्टेंट्स शामिल हुए थे। इनकी संख्या 17 थी। वहीं, विनर का खिताब जाने-माने एक्टर आशीष चौधरी ने जीता था।
सीजन 7 विनर- सिद्धार्थ शुक्ला
टीवी के मशहूर एक्टर सिद्धार्थ शुक्ला 'खतरों के खिलाड़ी' सीजन 7 के विनर बने थे। इस सीजन के होस्ट अभिनेता अर्जुन कपूर थे। गौरतलब है कि सिद्धार्थ की जबरदस्त फैन फॉलोइंग है। उन्होंने बिग बॉस 13 का भी खिताब जीता है।
सीजन 8 विनर- शांतनु माहेश्वरी
शांतनु माहेश्वरी, जोकि एक्टर और बेहतरीन डांसर हैं, वो सीजन 8 के विनर रहे थे। उन्होंने शो के दौरान लगभग सारे स्टंट बेहतरीन ढंग से पूरे किए थे। इस सीजन को रोहित शेट्टी ने होस्ट किया था।
सीजन 9 विनर- पुनीत पाठक
सीजन 8 के बाद से लेकर अब तक रोहित शेट्टी ही इस शो को होस्ट कर रहे हैं। इस सीजन के विनर की बात करें तो वो कोई और नहीं, बल्कि मशहूर डांसर पुनीत पाठक रहे।
सीजन 10 विनर- करिश्मा तन्ना/मेड इन इंडिया विनर- निया शर्मा
टीवी की मशहूर एक्ट्रेस करिश्मा तन्ना ने सीजन 10 का खिताब जीता। वहीं, खतरों के खिलाड़ी मेड इन इंडिया की विनर निया शर्मा रहीं।