ढह गई नाइट क्लब की छत, तस्वीरों में देखें डोमिनिकन रिपब्लिक में हुआ दर्दनाक हादसा
ढह गई नाइट क्लब की छत, तस्वीरों में देखें डोमिनिकन रिपब्लिक में हुआ दर्दनाक हादसा
डोमिनिकन रिपब्लिक के सैंटो डोमिंगो में दर्दनाक हादसा हुआ है। यहां मशहूर जेट सेट नाइटक्लब में छत गिरने से कम से कम 98 लोगों की मौत हो गई है। चलिए आपको इस दर्दनाक हादसे जुड़ी तस्वीरें दिखाते हैं।
Published : Apr 09, 2025 01:43 pm IST, Updated : Apr 09, 2025 01:43 pm IST
1/7Image Source : ap
डोमिनिकन गणराज्य की राजधानी में एक ऐतिहासिक नाइट क्लब की छत गिरने से कम से कम 98 लोगों की मौत हो गई जबकि 160 व्यक्ति घायल हो गए। अधिकारियों के अनुसार मंगलवार को नाइट क्लब में हुए एक कार्यक्रम में राजनीतिक नेताओं और खिलाड़ियों समेत विभिन्न हस्तियां शामिल हुई थीं।
2/7Image Source : ap
आपातकालीन अभियान केंद्र के निदेशक मैनुअल मेंडीज ने कहा कि बचाव दल सैंटो डोमिंगो में स्थित जेट सेट नाम की एक मंजिला नाइट क्लब के मलबे में उन लोगों की तलाश कर रहे हैं, जिनके जिंदा होने की संभावना है। उन्होंने कहा, “हम मलबा हटाकर लोगों की तलाश कर रहे हैं। हम लोगों की तलाश के लिए अथक प्रयास कर रहे हैं।”
3/7Image Source : ap
अधिकारियों ने बताया कि हादसे में जान गंवाने वाले लोगों में मोंटेक्रिस्टी की गवर्नर नेल्सी क्रूज भी शामिल हैं। उन्होंने देर रात 12.49 बजे राष्ट्रपति लुईस अबिनाडर को फोन कर बताया था कि छत गिर गई है और वह फंस गई हैं। अधिकारियों के मुताबिक बाद में अस्पताल में क्रूज की मौत हो गई है। पूर्व मेजर लीग बेसबॉल पिचर ऑक्टेवियो डोटेल की भी हादसे में मौत हो गई है।
4/7Image Source : ap
नाइटक्लब की छत उस समय गिरी, जब मेरेंग्यू गायिका रूबी पेरेज प्रस्तुति दे रही थीं। पेरेज के मैनेजर एनरिक पॉलीनो ने संवाददाताओं को बताया कि उनका (पेरेज का) कंसर्ट सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात से कुछ समय पहले शुरू हुआ था और लगभग एक घंटे बाद नाइटक्लब की छत गिर गई।
5/7Image Source : ap
पॉलीनो के मुताबिक, हादसे में पेरेज के संगीत समूह में शामिल सैक्सोफोन वादक की मौत हो गई, जबकि पेरेज सहित अन्य सदस्य घायल हो गए। उन्होंने कहा, ‘‘यह एक झटके में हुआ और शुरू में लगा कि भूकंप आया है।’’
6/7Image Source : ap
राष्ट्रपति लुइस अबिनाडर ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया कि सभी बचाव एजेंसियां प्रभावित लोगों की मदद के लिए ‘अथक प्रयास’ कर रही हैं। उन्होंने लिखा, ‘‘हमें जेट सेट नाइटक्लब में हुई त्रासदी पर गहरा दुख है। हादसे के बाद से हम मिनट दर मिनट इससे जुड़ी जानकारी ले रहे हैं।’’
7/7Image Source : ap
राष्ट्रपति अबिनाडर दुर्घटनास्थल पर भी पहुंचे और अपनों को खोज रहे लोगों को गले लगाया। नाइटक्लब की छत गिरने की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है।