1. Hindi News
  2. गुजरात
  3. विधायक उमेश मकवाणा ने पहले सभी पदों से दिया इस्तीफा, फिर AAP ने 5 साल के लिए कर दिया सस्पेंड

विधायक उमेश मकवाणा ने पहले सभी पदों से दिया इस्तीफा, फिर AAP ने 5 साल के लिए कर दिया सस्पेंड

 Reported By: Nirnay Kapoor, Written By: Mangal Yadav
 Published : Jun 26, 2025 09:42 am IST,  Updated : Jun 26, 2025 02:00 pm IST

आम आदमी पार्टी के बोटाद के विधायक उमेश मकवाणा ने पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है। वहीं, पार्टी ने उन्हें पांच साल के लिए सस्पेंड कर दिया है।

अरविंद केजरीवाल के...- India TV Hindi
अरविंद केजरीवाल के साथ उमेश मकवाणा की फाइल फोटो Image Source : X@MLABOTAD

गांधीनगरः गुजरात आम आदमी पार्टी के अध्यक्ष इसुदान गढ़वी ने विधायक उमेश मकवाणा को पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के कारण पांच साल के लिए पार्टी से निलंबित कर दिया गया है। इससे पहले बोटाद के विधायक उमेश मकवाणा ने पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा दे दिया था। विधायक ने पत्र में लिखा है कि इस समय मेरी सामाजिक सेवाएं कम हो रही हैं, इसलिए मैं आम आदमी पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा दे रहा हूं। मैं पार्टी के लिए कार्यकर्ता के तौर पर काम करता रहूंंगा। उन्होंने कहा कि विधायक पद से इस्तीफा देना है या नहीं इसका फैसला वो बोटाद की जनता से पूछ कर करेंगे। 

पार्टी से की सभी पदों से मुक्त करने की मांग

उमेश मकवाणा ने पत्र लिखकर कहा कि मैं पिछले 2.5 वर्षों से आम आदमी पार्टी में राष्ट्रीय संयुक्त सचिव के रूप में कार्यरत हूं। मेरी सामाजिक सेवाएं कम हो रही हैं। इसलिए मैं पार्टी के सभी पदों से इस्तीफा दे रहा हूं। कृपया मुझे पद से मुक्त करने की कृपा करें। 

पार्टी से नाराज चल रहे हैं उमेश मकवाणा 

सूत्रों के अनुसार, बोटाद से मौजूदा विधायक उमेश मकवाणा कथित तौर पर आम आदमी पार्टी से नाराज हैं। ​पार्टी सूत्रों के अनुसार, उमेश अपने साथी आप विधायकों के फोन कॉल का जवाब नहीं दे रहे हैं, जिससे उनके इरादों के बारे में और अटकलें लगाई जा रही हैं। यह पहली बार नहीं है जब उनके इस्तीफे की चर्चा सामने आई है। इससे पहले भी अटकलें लगाई जा रही थीं, लेकिन मकवाणा ने तब इन खबरों का खंडन करने के लिए प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी। हालांकि, हाल ही में पार्टी के सभी कार्यक्रमों से उनकी अनुपस्थिति ने मतभेद की संभावना को फिर से हवा दे दी है।

उमेश मकवाणा का पत्र
Image Source : INDIA TVउमेश मकवाणा का पत्र

भावनगर से लोकसभा चुनाव भी लड़ चुके हैं उमेश मकवाणा

उमेश मकवाणा 2022 के गुजरात विधानसभा चुनाव में बोटाद सीट से चुने गए थे, उन्होंने भाजपा के घनश्याम विरानी और कांग्रेस के मनहर पटेल को हराया था। इसके बाद पार्टी ने उन्हें भावनगर संसदीय सीट से लोकसभा उम्मीदवार बनाया, हालांकि वह चुनाव हार गए थे। उसके बाद से पार्टी नेतृत्व के साथ उनके रिश्ते तनावपूर्ण होते जा रहे हैं। बता दें कि गुजरात में आम आदमी पार्टी के पांच विधायक हैं।  

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। गुजरात से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।