सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर अब केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि अब राजनीति का एक प्रमुख हिस्सा बन गए है। पहले सभी राजनीतिक पार्टियां उनका उपयोग चुनाव प्रचार के लिए कर रही थीं, अब खुद इन्फ्लुएंसर चुनावी मैदान में उतर रहे है। ऐसा ही एक किस्सा सूरत में सामने आया है। सूरत की इन्फ्लुएंसर सोना सिंह ने आम आदमी पार्टी का दामन थाम लिया है। उन्होंने फार्म भरने के दिन सूरत कलेक्टर ऑफिस पर आम आदमी पार्टी से वार्ड नंबर 29 से अपना नामांकन दाखिल करवाया।
सूरत महानगरपालिका चुनाव आगामी 26 अप्रैल को होने वाले हैं। इसको लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। प्रत्याशियों के चयन के बाद फॉर्म भरने के आखिरी दिन सभी पार्टियों के उम्मीदवार सूरत कलेक्टर ऑफिस अपना पर्चा दाखिल करने आ रहे है, उसमें आकर्षण का केंद्र बनी आम आदमी पार्टी की वार्ड नंबर 29 की उम्मीदवार सोना सिंह।
मुझे आम जनता की तकलीफें पता हैं- सोना
अपने लटके झटके से सोशल मीडिया में पहचान बनाने वाली सोना सिंह ने अपना पर्चा आम आदमी पार्टी से भरा। सोना सिंह ने इंडिया टीवी से बात करते हुए बताया कि आम आदमी पार्टी को ऐसा चेहरा चाहिए था, जो आम लोगों की बात रख सके, जनता की समस्या रख सके और समस्या का समाधान कर सके। आम आदमी पार्टी के साथ आम जनता है। मैं एक छोटे गरीब परिवार से हूं। आम जनता को क्या-क्या तकलीफ उठानी पड़ती है, वह मुझे पता है। इसलिए मुझे पूरा विश्वास है कि जनता का साथ मुझे मिलेगा।
मेरी जीत पक्की है- सोना सिंह
सोना ने कहा, "अभी मैं कॉमेडी वीडियो बनाती हूं, पारिवारिक वीडियो बनाती हूं। पहले डांस वीडियो बनाती थी। वह लोगों को पसंद नहीं आ रहा था, इसलिए बंद कर दिया है। अभी मेरे 20 हजार फॉलोवर्स हैं पर जैसे ही वीडियो अपलोड करती हूं तो मिलियंस व्यूज आते हैं। मुझे पूरा यकीन है कि मेरे चाहने वाले मुझे निराश नहीं करेंगे और मुझे पूरा विश्वास है कि मेरी जीत पक्की है। हम लोगों की समस्या दूर करने आए हैं। हम सभी बाई बहन हैं। हम जात-पात में कोई भेदभाव करना नहीं चाहते हैं।"
(सूरत से शैलेष चांपानेरिया की रिपोर्ट)
यह भी पढ़ें-
पूर्व कॉर्पोरेटर पर धोखाधड़ी का आरोप, 26 साल पुराने मामले में एक्शन, कांग्रेस नेता भड़के