Highlights
- AAP का ‘दिल्ली मॉडल’ बीजेपी के ‘गुजरात मॉडल’ की तरह खोखला है: कांग्रेस
- कांग्रेस ने कहा कि केजरीवाल पंजाब के लोगों को गुमराह करके अब गुजरात आ गए हैं।
- अरविंद केजरीवाल को सबसे बड़े झूठे के रूप में बेनकाब किया जाना चाहिए: कांग्रेस
अहमदाबाद: गुजरात में इस साल के आखिर में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं और इसके मद्देनजर राजनीतिक दल एक-दूसरे पर निशाना साधने का कोई मौका नहीं छोड़ना चाहते। वार-पलटवार के इस खेल के बीच कांग्रेस ने गुरुवार को आम आदमी पार्टी पर निशाना साधाते हुये आरोप लगाया कि वह ‘सबसे भ्रष्ट’ पार्टी है और इसके राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ‘सबसे बड़े झूठे’ हैं। कांग्रेस प्रवक्ता अजय कुमार ने विश्वास जताया कि कांग्रेस गुजरात विधानसभा चुनावों में आम आदमी पार्टी को को करारा जवाब देगी। प्रदेश में इस साल दिसंबर में विधानसभा चुनाव होने की उम्मीद है।
Related Stories
‘बीजेपी की ही बी टीम है आम आदमी पार्टी’
अजय कुमार ने माना कि मौजूदा सियासी परिदृश्य में पार्टी को और अधिक आक्रामक होने की जरूरत है। कुमार ने कहा, ‘अब यह साफ हो गया है कि AAP सत्तारूढ़ BJP की ‘B टीम’ है। हाल ही में, दिल्ली में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली AAP सरकार लगभग 3,000 करोड़ रुपये के शराब घोटाले में लिप्त पायी गई थी। केजरीवाल को सबसे बड़े झूठे और आप को सबसे भ्रष्ट पार्टी के रूप में बेनकाब किया जाना चाहिए। गुजरात में कांग्रेस निश्चित रूप से आप को करारा जवाब देगी। लोगों को हर समय बेवकूफ नहीं बनाया जा सकता। हम यह भी मानते हैं कि कांग्रेस को और अधिक आक्रामक होने की जरूरत है।’
‘केजरीवाल का दिल्ली मॉडल खोखला है’
कांग्रेस कार्यसमिति के सदस्य कुमार ने आरोप लगाया कि AAP का ‘दिल्ली मॉडल’ बीजेपी के ‘गुजरात मॉडल’ की तरह खोखला है। उन्होंने केजरीवाल पर वास्तविक कारणों के बजाय विज्ञापन और प्रचार पर ज्यादा पैसे खर्च करने का आरोप लगाते हुए आप को अरविंद ऐड्वर्टाइजमेंट पार्टी और ‘अरविंद एक्टर पार्टी’ करार दिया। कुमार ने कहा, ‘केजरीवाल पंजाब के लोगों को गुमराह करके अब गुजरात आ गए हैं। केजरीवाल छोटे मोदी नहीं हैं, वह बड़े मोदी हैं। वह झूठे वादे करने में सुपर पीएचडी हैं। उन्होंने पिछले 8 साल में पूरे भारत में अपने प्रचार पर लगभग 1,000 करोड़ रुपये खर्च किए हैं।’
‘500 का था वादा, बनवाए सिर्फ 63 मॉडल स्कूल’
कुमार ने आरोप लगाया कि पंजाब में AAP सरकार ने गुजरात में अपने विज्ञापन प्रकाशित करने के लिए केवल 2 महीनों में 36 करोड़ रुपये खर्च कर दिए। दिल्ली सरकार के शिक्षा मॉडल को लेकर केजरीवाल पर निशाना साधते हुए कुमार ने कहा कि AAP के बड़े-बड़े दावों के बावजूद 80 फीसदी सरकारी स्कूल अब भी बिना प्राचार्य के हैं जबकि 500 के वादे के मुकाबले सिर्फ 63 ‘मॉडल स्कूल’ बनाए गए हैं। उन्होंने कहा कि AAP सरकार ने दिल्ली में अपने 8 साल लंबे शासन के दौरान एक भी सड़क, अस्पताल या फ्लाईओवर नहीं बनाया है।