1. Hindi News
  2. गुजरात
  3. कच्छ के तट पर मिले चार रहस्यमयी कंटेनर, क्या है इसमें, कहां से आया? जांच शुरू

कच्छ के तट पर मिले चार रहस्यमयी कंटेनर, क्या है इसमें, कहां से आया? जांच शुरू

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Aug 11, 2025 09:09 pm IST,  Updated : Aug 11, 2025 09:23 pm IST

गुजरात के कच्छ जिले में समुद्र तट पर चार बड़े टैंक कंटेनर बहकर आए हैं। उनमें मौजूद सामग्री और उनके स्रोत का पता लगाने के लिए जांच शुरू की गई है।

प्रतीकात्मक फोटो- India TV Hindi
प्रतीकात्मक फोटो Image Source : PIXABAY.COM

गुजरात के कच्छ जिले में समुद्र तट पर बीते कुछ दिनों में कम से कम चार बड़े टैंक कंटेनर बहकर आए हैं। इन कंटेनरों में क्या है और ये कहां से आए हैं, इसका पता लगाने के लिए जांच शुरू की गई है। एक पुलिस अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। 

पुलिस उपाधीक्षक बी. बी. भगोरा ने कहा, "6 से 10 अगस्त के बीच कच्छ के अब्दासा तालुका के तट पर चार टैंक कंटेनर बहकर आ गए। ये कंटेनर फिलहाल तट के पास पड़े हैं। हम आगे की जांच के लिए इन्हें पानी से बाहर निकालने की कोशिश कर रहे हैं। इन कंटेनर के स्रोत का पता लगाने के लिए सीमा शुल्क विभाग और तटरक्षक बल को लगाया गया है।" 

लीक हुए कंटेनर से नमूने इकट्ठा

उन्होंने कहा कि इन चार कंटेनरों में से एक से रिसाव होने की खबर मिली थी, जिसके बाद पुलिस और अन्य एजेंसियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसमें से नमूने इकट्ठा किए। इन नमूनों को फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (FSL) में भेजा गया है, ताकि उनमें मौजूद सामग्री का वैज्ञानिक विश्लेषण किया जा सके। अन्य तीन कंटेनर अभी तक सही-सलामत हैं और उन्हें खोला नहीं जा सका है।

क्या हैं ये टैंक कंटेनर?

इन कंटेनरों को 'टैंकटेनर' या 'आईएसओ टैंक' के नाम से भी जाना जाता है। इनका इस्तेमाल आमतौर पर बड़ी मात्रा में तरल पदार्थों, गैसों और पाउडर को जहाजों के माध्यम से एक जगह से दूसरी जगह ले जाने के लिए किया जाता है।  (इनपुट- भाषा)

ये भी पढ़ें-

दिल्ली-NCR की सड़कों से गायब हो जाएंगे आवारा कुत्ते, सुप्रीम कोर्ट का आदेश- 8 हफ्तों में सभी को भेजा जाए शेल्टर होम

पुणे में बड़ा हादसा, किंडेश्वर मंदिर जा रहे श्रद्धालुओं से भरी जीप खाई में गिरी, 7 ने गंवाई जान

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। गुजरात से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।