1. Hindi News
  2. गुजरात
  3. व्यापारियों के साथ गाली-गलौज और मारपीट, रिटायर्ड डिप्टी एसपी ने लाइसेंसी पिस्तौल से कर दी 5 राउंड फायरिंग, सामने आया Video

व्यापारियों के साथ गाली-गलौज और मारपीट, रिटायर्ड डिप्टी एसपी ने लाइसेंसी पिस्तौल से कर दी 5 राउंड फायरिंग, सामने आया Video

 Reported By: Nirnay Kapoor, Edited By: Subhash Kumar
 Published : May 29, 2026 01:58 pm IST,  Updated : May 29, 2026 01:58 pm IST

गुजरात के अहमदाबाद में व्यापारियों के साथ गाली-गलौज और मारपीट के दौरान रिटायर्ड डिप्टी एसपी ने अपनी लाइसेंसी पिस्तौल से 5 राउंड फायरिंग कर दी। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है। पुलिस ने पूर्व अधिकारी को गिरफ्तार कर लिया है।

gujarat ahmedabad retired dy sp gun firing- India TV Hindi
पूर्व अधिकारी ने दागीं गोलियां। Image Source : REPORTER

गुजरात के अहमदाबाद से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। अहमदाबाद के नेहरूनगर इलाके में 27 मई 2026 को एक जमीन विवाद को लेकर रिटायर्ड डिप्टी एसपी (DySP) अशोक सिंह चौहान द्वारा अपनी लाइसेंसी पिस्तौल से 5 राउंड फायरिंग की गई। इस हाई-प्रोफाइल मामले में अहमदाबाद की सैटेलाइट पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पूर्व अधिकारी, उनके बेटे और बेटी को हत्या के प्रयास (Attempt to Murder) और अन्य धाराओं के तहत गिरफ्तार कर लिया है। 

क्या है पूरा मामला?

जानकारी के मुताबिक, यह पूरा विवाद नेहरूनगर बस स्टैंड के पास स्थित करीब 5 बीघा की एक कीमती जमीन को लेकर है। रिटायर्ड DySP अशोक सिंह चौहान इस जमीन पर अपना कब्जा होने का दावा करते थे। उन्होंने हितेष भारवाड़िया और अमित पटेल नामक व्यापारियों के साथ एक समझौता करार करके यह जगह किराये पर दी थी। व्यापारियों ने उस जमीन पर अस्थायी स्टॉल (नेहरूनगर पथारा बाजार) बनाकर उन्हें आगे अन्य लोगों को किराये पर दे दिया था। अहमदाबाद म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन (AMC) ने बिना अनुमति के बने इन स्टॉलों को हटाने का नोटिस जारी कर दिया। एएमसी की आपत्ति के बाद व्यापारियों ने अशोक सिंह चौहान से जमीन के असली दस्तावेज मांगे। जब चौहान दस्तावेज नहीं दे पाए, तो व्यापारियों ने किराया देना बंद कर दिया, जिससे दोनों पक्षों के बीच तनाव कोर्ट तक पहुंच गया। 

लाइसेंसी पिस्तौल से 5 राउंड फायरिंग

घटना वाले दिन अशोक सिंह चौहान के दो बेटे और बेटी पहले विवादित स्थल पर पहुंचे और वहां मौजूद व्यापारियों के साथ गाली-गलौज और मारपीट करने लगे। इसके कुछ ही देर बाद रिटायर्ड DySP अशोक सिंह चौहान अपनी लक्जरी कार से वहां पहुंचे। उनके पास उनकी लाइसेंसी पिस्तौल थी। गुस्से में आकर उन्होंने व्यापारियों को डराने के लिए पहले जमीन और हवा में 3 राउंड फायर किए। इसके बाद उन्होंने सीधे शिकायतकर्ता अमित पटेल और उनके साथियों पर 2 और राउंड फायर झोंक दिए।

बाल-बाल बचे लोग

गनीमत रही कि इस अंधाधुंध फायरिंग में गोली किसी को नहीं लगी और लोग बाल-बाल बच गए। घटना के बाद इलाके में भारी दहशत फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही सैटेलाइट पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने घटनास्थल से 5 खाली कारतूस बरामद किए और चौहान की लक्ज़री कार व हथियार को जब्त कर लिया। पुलिस ने मुख्य आरोपी अशोक सिंह चौहान, उनके बेटे और बेटी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 309 (हत्या का प्रयास), आपराधिक धमकी और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर तीनों को जेल भेज दिया है।

खींचते हुए लॉकअप के अंदर ले गई पुलिस

अहमदाबाद के सैटेलाइट पुलिस स्टेशन में चौहान की गिरफ्तारी के बाद का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ। जब पुलिस पूर्व अधिकारी और उनके बच्चों को जेल की तरफ ले जा रही थी, तो अशोक सिंह चौहान ने मीडिया कैमरों के सामने चिल्लाते हुए पुलिस तंत्र पर ही आरोप लगा दिए कि "मैं बहुत कुछ बोलना चाहता हूं, लेकिन यह पुलिस मुझे बोलने नहीं दे रही है"। उन्होंने पुलिस पर भू-माफियाओं और गुंडों की मदद करने का आरोप भी लगाया, जिसके बाद पुलिस उन्हें खींचते हुए लॉकअप के अंदर ले गई।

ये भी पढ़ें- तस्वीरें देखिए, 4 साल पहले सपने लेकर कनाडा गई थी 22 साल की विधि, बर्बरता से कर दी गई हत्या

अहमदाबाद में इबोला का अलर्ट: कांगो से लौटे शख्स समेत 4 लोग आइसोलेट, जांच के लिए भेजे गए सैंपल

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। गुजरात से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।