1. Hindi News
  2. गुजरात
  3. गुजरात में चली तबादला एक्सप्रेस, 72 IAS अधिकारियों का हुआ ट्रांसफर; कई जिलों को मिले नए कलेक्टर

गुजरात में चली तबादला एक्सप्रेस, 72 IAS अधिकारियों का हुआ ट्रांसफर; कई जिलों को मिले नए कलेक्टर

 Reported By: Nirnay Kapoor, Edited By: Vineet Kumar Singh
 Published : May 13, 2026 09:45 am IST,  Updated : May 13, 2026 09:45 am IST

राज्य सरकार ने बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 72 IAS अधिकारियों का तबादला किया है। सरकार द्वारा जारी किए गए नोटिफिकेशन के मुताबिक, अहमदाबाद, सूरत, कच्छ और भरूच समेत कई जिलों को नए कलेक्टर मिले हैं।

Gujarat IAS transfer, Gujarat IAS officers transfer list, Gujarat bureaucracy reshuffle- India TV Hindi
गुजरात में 72 IAS अधिकारियों का तबादला हुआ है। Image Source : INDIA TV

गांधीनगर: गुजरात सरकार ने मंगलवार को बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 72 IAS अधिकारियों के तबादले और नई नियुक्तियों का आदेश जारी किया। इस फेरबदल में अहमदाबाद, सूरत, भरूच और कच्छ समेत कई अहम जिलों के कलेक्टर बदले गए हैं। सरकार ने नई जिम्मेदारियों के साथ कई वरिष्ठ अधिकारियों को महत्वपूर्ण विभागों में तैनात किया है। बता दें कि इससे पहले मार्च में 37 IPS अधिकारियों का तबादला हुआ था और राज्य को अशोक कुमार यादव के रूप में नया IB चीफ भी मिला था।

गांधीनगर में विकास आयुक्त बनाए गए डीएन मोदी

सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, डीएन मोदी को जामनगर नगर निगम के नगर आयुक्त पद से हटाकर गांधीनगर में विकास आयुक्त नियुक्त किया गया है। इस पद पर वह केएल बचानी के अतिरिक्त प्रभार की जिम्मेदारी को खत्म करेंगे। वहीं, आनंद बाबूलाल पटेल को कच्छ-भुज के कलेक्टर पद से हटाकर गांधीनगर में स्कूल आयुक्त बनाया गया है। इसके साथ ही उन्हें पीएम-पोषण योजना (मिड-डे मील) आयुक्त और गुजरात काउंसिल ऑफ एजुकेशन रिसर्च एंड ट्रेनिंग (GCERT) के निदेशक का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। इन पदों का अतिरिक्त प्रभार अब तक रचित राज के पास था।

कई अन्य बड़े अधिकारियों का भी हुआ तबादला

अहमदाबाद के कलेक्टर सुजीत कुमार का तबादला कर उन्हें अहमदाबाद में राज्य कर विभाग का विशेष आयुक्त नियुक्त किया गया है। इस पद का अतिरिक्त प्रभार पी. भारती संभाल रही थीं। अजय प्रकाश को गुजरात ऊर्जा विकास एजेंसी (GEDA) के निदेशक पद से हटाकर ऊर्जा एवं पेट्रोकेमिकल विभाग में भेजा गया है। उन्हें वडोदरा स्थित गुजरात एनर्जी ट्रांसमिशन कॉर्पोरेशन लिमिटेड (GETCO) का प्रबंध निदेशक नियुक्त किया जाएगा। सूरत के कलेक्टर डॉ. सौरभ पारधी  को गांधीनगर में नागरिक आपूर्ति निदेशक और खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग में पदेन अतिरिक्त सचिव बनाया गया है। वह इस पद पर मयूर मेहता की जगह लेंगे।

देखिए पूरी लिस्ट

बड़े पैमाने पर हुआ था IPS अफसरों का तबादला

बता दें कि इसके पहले मार्च की शुरुआत में गुजरात में बड़े पैमाने पर IPS अफसरों का तबादला हुआ था। उस समय राज्य के IB चीफ के साथ-साथ कई रेंजेस के चीफ भी बदले गए थे। वहीं, लंबे समय से पोस्टिंग का इंतजार कर रहे कई अधिकारियों को पोस्टिंग अलॉट की गई थी।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। गुजरात से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।