1. Hindi News
  2. गुजरात
  3. कच्छ को मिला तीसरा एयरपोर्ट: मुंद्रा एयरपोर्ट के उद्घाटन के साथ 8 नई उड़ान सेवाएं शुरू, विकास को मिलेंगे नए पंख

कच्छ को मिला तीसरा एयरपोर्ट: मुंद्रा एयरपोर्ट के उद्घाटन के साथ 8 नई उड़ान सेवाएं शुरू, विकास को मिलेंगे नए पंख

 Published : Jun 23, 2026 03:22 pm IST,  Updated : Jun 25, 2026 12:50 pm IST

गुजरात के कच्छ को इसका तीसरा एयरपोर्ट मिल गया है। मुंद्रा एयरपोर्ट के उद्घाटन के साथ 8 नई उड़ान सेवाएं शुरू कर दी गई हैं। इस नए एयरपोर्ट की मदद से क्षेत्र में विकास को नए पंख मिलेंगे।

kuctch third airport started- India TV Hindi
कच्छ को मिला तीसरा एयरपोर्ट। Image Source : REPORTER

कच्छ के औद्योगिक, व्यापारिक और पर्यटन विकास के लिए आज का दिन ऐतिहासिक साबित हुआ है। भुज और कांडला के बाद अब कच्छ को तीसरा एयरपोर्ट मिल गया है। अदाणी समूह द्वारा निर्मित अत्याधुनिक मुंद्रा एयरपोर्ट का आज भव्य उद्घाटन किया गया। इसके साथ ही स्टार एयर द्वारा 8 नई हवाई सेवाओं की भी शुरुआत की गई है। मुंद्रा में निर्मित इस आधुनिक एयरपोर्ट में 1900 मीटर लंबा रनवे तैयार किया गया है, जहां बड़े विमान भी आसानी से लैंडिंग और टेकऑफ कर सकेंगे।

क्या है एयरपोर्ट की खूबियां?

इस एयरपोर्ट का टर्मिनल भवन विश्वस्तरीय सुविधाओं से सुसज्जित है। यात्रियों के लिए आधुनिक लाउंज, विशाल फूड कोर्ट तथा सुव्यवस्थित पार्किंग की व्यवस्था उपलब्ध कराई गई है। एयरपोर्ट के शुभारंभ के साथ ही स्टार एयर ने मुंबई सहित देश के विभिन्न शहरों के लिए नियमित उड़ान सेवाएं शुरू कर दी हैं। मुंबई-मुंद्रा के बीच सीधी उड़ान के अलावा गोवा, गाजियाबाद, कोल्हापुर, बेंगलुरु, बेलगावी, नांदेड़ और सूरत जैसे शहरों से भी हवाई संपर्क स्थापित होगा।

क्या होगा इस एयरपोर्ट का फायदा?

मुंद्रा देश के सबसे बड़े बंदरगाहों में से एक और एक महत्वपूर्ण औद्योगिक केंद्र है। ऐसे में यह एयरपोर्ट उद्योग और व्यापार क्षेत्र के लिए गेमचेंजर साबित होगा। व्यापारियों और उद्योगपतियों को अब यात्रा में काफी समय की बचत होगी, जिससे निवेश और व्यावसायिक गतिविधियों को और अधिक गति मिलेगी।

पहले ही दिन मुंबई से मुंद्रा पहुंची उड़ान पूरी तरह भरी हुई थी। यात्रियों ने नए एयरपोर्ट का स्वागत करते हुए कहा कि पहले उन्हें फ्लाइट पकड़ने के लिए भुज या कांडला जाना पड़ता था, जबकि अब मुंद्रा, मांडवी और गांधीधाम क्षेत्र के लोगों को सीधे और सुविधाजनक हवाई सेवा उपलब्ध होगी।

यात्रियों ने क्या कहा?

यात्रियों के अनुसार यह एयरपोर्ट पूरे कच्छ के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। विशेष रूप से व्यापारियों, उद्योगपतियों और पर्यटन क्षेत्र से जुड़े लोगों के लिए यह सुविधा बेहद लाभदायक साबित होगी। मुंद्रा एयरपोर्ट के उद्घाटन के साथ कच्छ अब देश के प्रमुख शहरों से और अधिक तेजी से जुड़ रहा है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह एयरपोर्ट आने वाले वर्षों में रोजगार, व्यापार, उद्योग और पर्यटन के क्षेत्र में विकास के नए द्वार खोलेगा तथा कच्छ की अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। (रिपोर्ट: नितेश गोर)

ये भी पढ़ें- अमेरिका-ईरान में डील के बाद भारत के लिए आई खुशखबरी! Hormuz से होकर गुजरात पहुंचा पहला LNG टैंकर 'दिशा'

भरुच में 700 साल पुरानी जामा मस्जिद में हिंदू देवी-देवताओं और जैन तीर्थंकरों की मूर्तियां दिखने का दावा, जानें कैसे हुई विवाद की शुरुआत

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। गुजरात से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।