अहमदाबाद: गुजरात के अहमदाबाद में आज एक बड़ा हादसा हो गया। यहां एयर इंडिया का एक प्लेन अचानक से क्रैश हो गया। ये प्लेन अहमदाबाद से लंदन जा रहा था। हालांकि अहमदाबाद एयरपोर्ट से उड़ान भरने के थोड़ी ही देर बाद प्लेन क्रैश हो गया। विमान में कुल 242 लोग सवार थे। वहीं ये प्लेन जिस जगह पर क्रैश हुआ है, वहां भी कई सारे लोग रहते थे। यहां रहने वाले लोगों की भी जान जाने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल मौके पर राहत और बचाव का कार्य किया जा रहा है। आइये जानते हैं प्लेन कहां पर क्रैश हुआ और हादसे के बाद वहां की स्थिति क्या है?
हादसे की जगह पर क्या था?
दरअसल, अहमदाबाद में जिस इमारत से एयर इंडिया का प्लेन टकराया, वहां पर मेस था, जिसमें कुछ लोग खाना भी खा रहे थे। यह मेस अहमदाबाद के बीजे मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल का था। विमान हादसे की वजह से अस्पताल के मेस के साथ-साथ वहां की आवासीय इमारतों को भी काफी नुकसान पहुंचा है। बताया जा रहा है कि हादसे के समय मेस में नर्सिंग के छात्र खाना खा रहे थे। इसके अलावा आवासीय इमारतों में भी कई लोगों के फंसे होने या मारे जाने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल मौके पर राहत और बचाव का काम जारी है।
कई इमारतें चपेट में आईं
हादसा इतना भयावह था कि मौके पर हर तरफ आग लग गई। घटनास्थल पर कई पांच मंजिला इमारतें हैं, जिनका इस्तेमाल चिकित्सकों के आवास के तौर पर किया जाता है। वहां रहने वाले कई लोग घायल हो गए हैं, क्योंकि हादसे के तुरंत बाद इमारतों में भी आग लग गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक परिसर में खड़ी कई कार और वाहन भी आग की चपेट में आ गए। फिलहाल मौके पर एनडीआरएफ की छह टीम और बीएसएफ की दो टीमें मौके पर भेजी गई हैं। एयरपोर्ट को सुरक्षा प्रदान करने वाले सीआईएसएफ के जवान, स्थानीय फायर ब्रिगेड और पुलिस अधिकारियों के साथ स्थानीय लोग भी बचाव कार्य में जुटे हुए हैं।