Monday, February 16, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. गुजरात
  3. गुजरात में अगले 48 घंटे में मॉनसून देगी दस्तक, भीषण गर्मी की मार झेल रहे लोगों को मिलेगी राहत

गुजरात में अगले 48 घंटे में मॉनसून देगी दस्तक, भीषण गर्मी की मार झेल रहे लोगों को मिलेगी राहत

Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1 Published : Jun 10, 2024 09:59 pm IST, Updated : Jun 10, 2024 10:04 pm IST

मौसम विभाग ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम मॉनसून अगले 48 घंटों में गुजरात में प्रवेश कर सकता है। दक्षिण गुजरात में मंगलवार को गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है।

प्रतीकात्मक फोटो- India TV Hindi
Image Source : REPRESENTATIVE IMAGE प्रतीकात्मक फोटो

गुजरात कई दिनों से भीषण गर्मी का सामना कर रहा है। भीषण गर्मी के बीच मॉनसून का इंतजार कर रहे लोगों को लिए राहत भरी खबर आई है। मौसम विभाग ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम मॉनसून अगले 48 घंटों में गुजरात में प्रवेश कर सकता है। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम मॉनसून अगले 48 घंटों में यानी 12 जून को दक्षिण गुजरात के कुछ हिस्सों में प्रवेश कर सकता है। दक्षिण गुजरात में मंगलवार को गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना जताई गई है।

विभाग ने बताया कि बुधवार सुबह तक दक्षिण गुजरात के सभी जिलों के साथ-साथ उत्तर गुजरात और सौराष्ट्र क्षेत्र के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश और गरज के साथ बूंदाबांदी होने की संभावना है। आईएमडी ने कहा है कि इस वर्ष भारत में औसत से ज्यादा मॉनसून वर्षा होने की संभावना है। 

यहां छिटपुट बारिश होने की संभावना 

अहमदाबाद, बोटाद, वडोदरा, छोटा उदेपुर, नर्मदा, भरूच, सूरत, डांग, तापी, नवसारी, दमन में वलसाड, दादरा नगर हवेली, उत्तर गुजरात क्षेत्र के जिलों में खेड़ा, आनंद, पंचमहल, दाहोद और महिसागर, सौराष्ट्र क्षेत्र के जिलों यानी अमरेली, भावनगर, गिर सोमनाथ व दीव में गरज और बिजली के साथ छिटपुट बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, रविवार को अहमदाबाद में अधिकतम तापमान 43.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आईएमडी ने बताया कि सुरेंद्रनगर राज्य का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 43.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

महाराष्ट्र में हुई मॉनसून की एंट्री

वहीं, महाराष्ट्र में इस बार दो दिन पहले ही मानसून की एंट्री हो चुकी है। मुंबई के अलावा जलगांव, छत्रपति संभाजीनगर, सतारा, ठाणे, नासिक और अहमदनगर के कई जिलों में भारी बारिश का कहर देखा गया। आमतौर पर 11 जून तक मुंबई में मानसून की एंट्री होती है, लेकिन इस बार दो दिन पहले ही बारिश की एंट्री हो गई। (भाषा)

ये भी पढ़ें- 

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। गुजरात से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।

Advertisement
Advertisement
Advertisement