अहमदाबाद: पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस के सीनियर नेता पी चिदंबरम के स्वास्थ्य में काफी सुधार है और आज वे कांग्रेस के अधिवेशन में भाग लेने के लिए सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय स्मारक पहुंच चुके हैं। इससे पहले उनके बेटे कार्ति चिदंबरम ने उनके स्वास्थ्य को लेकर ट्वीट किया था कि अहमदाबाद में अत्यधिक गर्मी और डिहाईड्रेशन के कारण उन्हें (पी चिदंबरम ) कुछ समस्य़ा हुई थी और ज़ाइडस अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया। डॉक्टरों की एक टीम ने हेल्थ के सभी पैरामीटर्स की जांच की और सभी रिपोर्ट नॉर्मल हैं। उन्हें निगरानी के लिए ज़ाइडस अस्पताल अहमदाबाद में रात भर रखा गया। बता दें कि कल अहमदाबाद में कांग्रेस अधिवेशन के दौरान वे बेहोश हो गए थे जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
जानकारी के मुताबिक कल पी. चिदंबरम के बीमार होने की खबर मिलते ही प्रधानमंत्री मोदी ने तुरंत केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा को निर्देश दिया कि वे उन्हें जुरूरी इलाज उपलब्ध कराएं। स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा ने गुजरात के मुख्यमंत्री से संपर्क किया और गुजरात के स्वास्थ्य मंत्री ऋषिकेश पटेल ने व्यक्तिगत रूप से जाकर चिदंबरम के स्वास्थ्य की जानकारी ली।