1. Hindi News
  2. गुजरात
  3. पीएम मोदी का आज गुजरात और महाराष्ट्र का दौरा, वडोदरा में Gen-Z से करेंगे सीधा संवाद, 700 मीटर का स्टेज तैयार

पीएम मोदी का आज गुजरात और महाराष्ट्र का दौरा, वडोदरा में Gen-Z से करेंगे सीधा संवाद, 700 मीटर का स्टेज तैयार

 Written By: Dhyanendra Chauhan
 Published : Sep 07, 2026 09:52 pm IST,  Updated : Sep 08, 2026 12:00 am IST

पीएम मोदी गुजरात और महाराष्ट्र दोनों राज्यों का दौरा एक ही दिन में करेंगे। इस दौरान पीएम मोदी वडोदरा में जेन-जी के साथ संवाद करेंगे। साथ ही करोड़ों रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास भी करेंगे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी- India TV Hindi
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी Image Source : PTI

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को गुजरात और महाराष्ट्र के दौरे के दौरान 35,000 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं को देश को समर्पित करेंगे और 'ग्लोबल फिनटेक फेस्ट' का उद्घाटन करेंगे। एक आधिकारिक बयान के अनुसार, मोदी सबसे पहले वडोदरा जाएंगे, जहां वह विभिन्न विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे, उनका उद्घाटन करेंगे और उन्हें राष्ट्र को समर्पित करेंगे। वह इस अवसर पर एक सभा को भी संबोधित करेंगे। इसमें पीएम मोदी का जेन-जी से सीधा संवाद भी होगा। वडोदरा में पीएम मोदी को सुनने और इस खास अवसर का हिस्सा बनने के लिए बड़ी संख्या में युवाओं ने ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराया। इस खास कार्यक्रम के लिए 700 मीटर लंबा रेड कार्पेट स्टेज भी बनाया गया है।

करोड़ों की परियोजानाओं का उद्घाटन और शिलान्यास

प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, 'कल, 8 सितंबर को वडोदरा, नवसारी और मुंबई में होने वाले कार्यक्रमों में शामिल होऊंगा। इनमें 35,000 करोड़ रुपये से ज्यादा की अहम परियोजनाओं का उद्घाटन या शिलान्यास और पश्चिमी समर्पित माल ढुलाई गलियारे के तीन प्रमुख खंडों को देश को समर्पित करना शामिल है। इससे लॉजिस्टिक्स क्षेत्र को बहुत बढ़ावा मिलेगा।'

 

ग्लोबल फिनटेक फेस्ट में भी शामिल होंगे पीएम मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि वह मुंबई में होने वाले ग्लोबल फिनटेक फेस्ट (GFF) 2026 में भी शामिल होंगे। बयान में कहा गया कि प्रधानमंत्री जिन परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित करेंगे, उनमें 20,700 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से विकसित पश्चिमी समर्पित माल ढुलाई गलियारे (WDFC) के 326 किलोमीटर लंबे तीन महत्वपूर्ण खंड शामिल हैं। इनमें साणंद (उत्तर)-मकरपुरा, न्यू उमरगांव-न्यू सफाले और न्यू सफाले-जवाहरलाल नेहरू बंदरगाह प्राधिकरण (JNPA) खंड शामिल हैं। 

आयात-निर्यात माल की आवाजाही होगी तेज

जवाहरलाल नेहरू बंदरगाह प्राधिकरण से सीधी संपर्क सुविधा मिलने से आयात-निर्यात माल की आवाजाही तेज होगी, औद्योगिक केंद्रों और बंदरगाहों के बीच संपर्क मजबूत होगा, माल ढुलाई की लागत कम होगी और मुंबई के रेल नेटवर्क पर दबाव घटाने में मदद मिलेगी। इन खंडों के चालू होने के बाद समर्पित माल ढुलाई गलियारे (DFC) का पूरा नेटवर्क परिचालन में आ जाएगा। 

मालगाड़ी सेवाओं को दिखाएंगे हरी झंडी

प्रधानमंत्री न्यू साणंद (उत्तर), न्यू मकरपुरा, न्यू उमरगांव और मुंबई के न्यू जेएनपीटी से मालगाड़ी सेवाओं को भी हरी झंडी दिखाएंगे। इसके अलावा, वह वडोदरा और टांडा रोड के बीच एक नई ट्रेन सेवा को हरी झंडी दिखाएंगे, जिससे वडोदरा, छोटा उदयपुर और अलीराजपुर जिलों के लोग लाभान्वित होंगे।

700 मीटर लंबा रेड कार्पेट स्टेज बनाया गया

वहीं, गुजरात के वडोदरा में प्रधानमंत्री के Gen-Z कार्यक्रम स्थल पर करीब 1 किलोमीटर लंबा विशाल डोम तैयार किया गया है। वहीं, लगभग 700 मीटर लंबा रेड कार्पेट स्टेज भी बनाया गया है। इसी रेड कार्पेट पर प्रधानमंत्री मोदी पैदल चलेंगे और कार्यक्रम में मौजूद लोगों का अभिवादन स्वीकार करेंगे। पीएम मोदी यहां Gen-Z युवाओं और प्रबुद्ध नागरिकों से मुलाकात कर उनका अभिवादन स्वीकार करेंगे। खास बात यह है कि पीएम मोदी Gen-Z युवाओं के साथ रेड कार्पेट पर पैदल चलते हुए संवाद भी करेंगे।

तीन रेलवे परियोजनाओं की रखेंगे आधारशिला

पीएम मोदी 329 किलोमीटर लंबी और 9,700 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली तीन रेलवे परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे। इनमें वडोदरा-रतलाम तीसरी एवं चौथी रेल लाइन, मियागाम करजन-चोरांडा-मालसर गेज परिवर्तन परियोजना और विश्वामित्री-दभोई रेल लाइन दोहरीकरण परियोजना शामिल हैं। वह करीब 1,780 करोड़ रुपये की लागत वाली तीन राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की भी आधारशिला रखेंगे। 

GFF-2026 का उद्घाटन करेंगे पीएम मोदी

पीएम मोदी गुजरात सरकार की करीब 2,600 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे और उनका उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री मुंबई में 'ग्लोबल फिनटेक फेस्ट' (GFF) 2026 का उद्घाटन करेंगे। यह वित्तीय प्रौद्योगिकी से संबंधित दुनिया के सबसे बड़े और प्रभावशाली वार्षिक सम्मेलनों में से एक है। 

अंतरराष्ट्रीय मंच के रूप में उभरा GFF

'ग्लोबल फिनटेक फेस्ट' का सातवां संस्करण आठ से 11 सितंबर तक आयोजित किया जा रहा है। जीएफएफ 2020 से एक ऐसे अंतरराष्ट्रीय मंच के रूप में उभरा है, जहां नीति निर्माता, नियामक, केंद्रीय बैंक, वित्तीय संस्थान, वित्तीय प्रौद्योगिकी कंपनियां, प्रौद्योगिकी कंपनियां, निवेशक, शिक्षाविद और अन्य वैश्विक हितधारक वित्त क्षेत्र के भविष्य को आकार देने से जुड़े मुद्दों पर विचार-विमर्श करते हैं। (भाषा के इनपुट के साथ)

रिपोर्ट- सत्यम नेवासकर

ये भी पढ़ें: 

वडोदरा में PM मोदी के Gen-Z कार्यक्रम का जबरदस्त क्रेज, रजिस्ट्रेशन खुलने के 1 घंटे में सभी सीटें हाउसफुल

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। गुजरात से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।