1. Hindi News
  2. गुजरात
  3. सरदार पटेल की 150वीं जयंती आज, स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पर भव्य आयोजन, PM मोदी ने दी श्रद्धांजलि

सरदार पटेल की 150वीं जयंती आज, स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पर भव्य आयोजन, PM मोदी ने दी श्रद्धांजलि

 Published : Oct 31, 2025 08:44 am IST,  Updated : Oct 31, 2025 12:12 pm IST

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के केवड़िया में सरदार पटेल को श्रद्धांजलि दी। वह केवड़िया में आयोजित भव्य परेड में भी शामिल हुए। ये परेड केवड़िया में स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के सामने आयोजित की गई।

प्रधानमंत्री मोदी ने...- India TV Hindi
प्रधानमंत्री मोदी ने सरदार पटेल को श्रद्धांजलि दी। Image Source : ANI

आज लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती है। इस मौके पर देशभर में एक भारत श्रेष्ठ भारत थीम पर कार्यक्रम आयोजित हो रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के केवड़िया पहुंच सरदार पटेल को श्रद्धांजलि दी। नरेंद्र मोदी के 2014 में पहली बार प्रधानमंत्री बनने के बाद से पटेल की जयंती हर साल 31 अक्टूबर को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाई जाती है।

स्टैच्यू ऑफ यूनिटी पर भव्य एकता परेड आयोजित

पीएम मोदी केवड़िया में आयोजित भव्य परेड में भी शामिल हुए। ये परेड केवड़िया में स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के सामने आयोजित की गई। परेड में 16 राज्यों के पुलिस बल शामिल हुए। साथ ही पैरामिलिट्री फोर्स के जवान भी कदम ताल करते हुए नजर आए।

परेड के दौरान अलग-अलग राज्य की झांकियां पेश की गई। राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह में सांस्कृतिक उत्सव और सुरक्षा बलों का अद्भुत तालमेल दिखा जिसमें उनके कौशल, अनुशासन और वीरता का प्रदर्शन किया गया। केवड़िया में ये आयोजन दिल्ली के कर्तव्य पथ पर होने वाले गणतंत्र दिवस परेड की तर्ज पर किया गया।

'लौह पुरुष' की 150वीं जयंती पर पीएम का नमन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर लिखा है, ''भारत सरदार वल्लभभाई पटेल को उनकी 150वीं जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित करता है। वे भारत के एकीकरण के पीछे प्रेरक शक्ति थे, और इस प्रकार हमारे राष्ट्र के प्रारंभिक वर्षों में इसके भाग्य को आकार दे रहे थे। राष्ट्रीय अखंडता, सुशासन और जनसेवा के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी। हम एक अखंड, सशक्त और आत्मनिर्भर भारत के उनके दृष्टिकोण को बनाए रखने के अपने सामूहिक संकल्प की भी पुष्टि करते हैं।''

वहीं, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर दिल्ली के मेजर ध्यानचंद राष्ट्रीय स्टेडियम से 'रन फॉर यूनिटी' को झंडी दिखाई।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। गुजरात से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।