1. Hindi News
  2. गुजरात
  3. सूरत के फार्महाउस में छलकाया जा रहा था जाम, पुलिस ने 8 महिलाओं समेत 22 को किया गिरफ्तार

सूरत के फार्महाउस में छलकाया जा रहा था जाम, पुलिस ने 8 महिलाओं समेत 22 को किया गिरफ्तार

 Written By: Vineet Kumar Singh
 Published : Aug 15, 2026 08:33 pm IST,  Updated : Aug 15, 2026 08:33 pm IST

गुजरात के सूरत में पुलिस ने सुल्तानाबाद स्थित एक फार्महाउस में कथित शराब पार्टी का भंडाफोड़ कर 8 महिलाओं समेत 22 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। मौके से शराब के गिलास, पांच खुली बोतलें, बीयर के टिन, नौ कारें और मोबाइल फोन जब्त किए गए।

Surat Farmhouse Liquor Party, Gujarat Dry State, Surat Police Raid- India TV Hindi
पुलिस ने सूरत के एक फार्महाउस से शराब पार्टी कर रहे युवक और युवतियों को गिरफ्तार किया है। Image Source : INDIA TV REPRESENTATIONAL IMAGE

Highlights

  • सूरत के फार्महाउस में शराब पार्टी पर छापा, 8 महिलाओं समेत 22 लोग गिरफ्तार किए गए।
  • पुलिस ने मौके से शराब की बोतलें, बीयर टिन, 9 कारें और मोबाइल फोन जब्त किए।
  • जामनगर में पिछले हफ्ते अदालत के आदेश पर 25.96 लाख की 6 हजार से ज्यादा बोतलें नष्ट हुई थीं।

सूरत: गुजरात के सूरत में पुलिस ने शनिवार को एक फार्महाउस में चल रही शराब पार्टी का भंडाफोड़ किया। पुलिस ने अपनी कार्रवाई के दौरान मौके से 8 महिलाओं समेत 22 लोगों को गिरफ्तार किया है। बता दें कि गुजरात में शराब के निर्माण, बिक्री, भंडारण और सेवन पर प्रतिबंध है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के मुताबिक, पुलिस को पार्टी के बारे में सूचना मिली थी। इसके बाद टीम ने सुल्तानाबाद इलाके में स्थित बापूजी नी वाडी नाम के फार्महाउस पर छापा मारा। वहां 25 से 30 साल की उम्र के पुरुषों और महिलाओं का एक ग्रुप कथित तौर पर शराब पीता मिला।

मनाया जा रहा था महिला का जन्मदिन

सहायक पुलिस आयुक्त यानी कि ACP श्वेता डेनियल्स ने पत्रकारों को बताया कि पुलिस ने मौके से आधी भरी शराब के गिलास, शराब की 5 खुली बोतलें और बीयर के टिन बरामद किए। पुलिस ने मौके से 9 कारें और मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह पार्टी वहां मौजूद महिलाओं में से एक का जन्मदिन मनाने के लिए आयोजित की गई थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फार्महाउस में मौजूद सूरत के अलग-अलग इलाकों के रहने वाले 14 पुरुष और 8 महिलाओं को हिरासत में लिया गया। बाद में सभी को मामले में गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक, इस मामले में गुजरात निषेध अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है और जांच जारी है।

गुजरात में शराब पर पूरी तरह प्रतिबंध

गुजरात को ‘ड्राई स्टेट’ यानी शुष्क राज्य के तौर पर जाना जाता है। यहां शराब का निर्माण, बिक्री, भंडारण और सेवन प्रतिबंधित है। इसी कानून के तहत सूरत के फार्महाउस में कथित तौर पर शराब का सेवन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। बता दें कि पिछले ही हफ्ते गुजरात के जामनगर जिले में अधिकारियों ने जब्त की गई 25.96 लाख रुपये कीमत की अवैध शराब को रोड रोलर चलाकर नष्ट कर दिया था। पुलिस के मुताबिक, इन शराब की बोतलों को पिछले डेढ़ से दो साल के दौरान अलग-अलग कार्रवाई में जब्त किया गया था। बता दें कि गुजरात में पहले भी पकड़ी गई अवैध शराब को नष्ट करने के लिए उस पर बुलडोजर चलाया जाता रहा है(PTI से इनपुट के साथ)

ये भी पढ़ें: गुजरात के वडोदरा में घर से मिला शराब का जखीरा, तस्कर ने छिपाने के लिए फर्श के नीचे बना रखा था तहखाना, देखें VIDEO

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। गुजरात से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।