खेड़ा: देश में इस समय भीषण गर्मी पड़ रही है। इसका असर वाहनों पर भी दिखाई दे रहा है और वह धूप में खड़े होने पर अक्सर हीट कर जाते हैं। ताजा मामला गुजरात के अहमदाबाद वडोदरा एक्सप्रेस हाईवे से सामने आया है। यहां एक चलती कार में अचानक आग लग गई और वो देखते ही देखते पूरी तरह खाक हो गई। हालांकि कार लॉक हो चुकी थी लेकिन उसके एक दरवाजे का लॉक किसी तरह खुल गया, जिससे चालक सही मौके पर कार से बाहर आ गया और उसकी जान बच गई।
Related Stories
क्या है मामला?
घटना एक्सप्रेस हाईवे पर नडियाद और आणंद के बीच की है। कार अहमदाबाद से वडोदरा जा रही थी, इसी दौरान नडियाद के पास अचानक चलती कार में आग लग गई। चलती कार से अचानक धुआं निकलने लगा और तुरंत ही कार लॉक हो गई।
गनीमत रही कि कार के एक दरवाजे का लॉक किसी तरह खुल गया और ड्राइवर सुरक्षित बाहर निकल गया। लेकिन कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई। यह घटना उस समय घटी जब अहमदाबाद का एक विकलांग व्यक्ति अपने कार्यालय के काम से वडोदरा जा रहा था। आग की सूचना मिलते ही नडियाद फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई और आग पर काबू पाया। हालांकि कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई है।
कार में कैसे लगी आग?
फिलहाल तो इस कार में आग लगने का पुख्ता कारण पता नहीं लगा है। लेकिन तपती गर्मी में इस तरह की घटनाएं आए दिन सामने आती हैं। कार में आग लगने पर तमाम बार ये देखा गया है कि कार लॉक हो जाती है और कार में बैठे लोग बाहर नहीं निकल पाते, जिसकी वजह से उन्हें जान भी गंवानी पड़ती है। ऐसे में आप ध्यान रखें कि अगर कार से यात्रा कर रहे हैं तो अलर्ट मोड में रहें और कार में लॉक होने की स्थिति में कोई ऐसी वस्तु जरूर रखें, जिससे कार के शीशे को तोड़ा जा सके और आप अपनी जान को बचा सकें। (इनपुट: नचिकेता मेहता)