1. Hindi News
  2. वायरल न्‍यूज
  3. सही रास्ता दिखाने के बजाय Map ने दिखाया ऊपर का रास्ता, किस्मत अच्छी रही जो बच गए

सही रास्ता दिखाने के बजाय Map ने दिखाया ऊपर का रास्ता, किस्मत अच्छी रही जो बच गए

 Written By: Pankaj Yadav @ThePankajY
 Published : Jun 15, 2025 02:02 pm IST,  Updated : Jun 18, 2025 04:57 pm IST

उत्तर प्रदेश के महराजगंज में एक ऐसी घटना घटी जिसने सबको हिलाकर रख दिया। फोन में Maps के भरोसे चल रहे एक परिवार की कार अधूरे बाईपास के 40 फीट गहरे गड्ढे में जा गिरी। गनीमत रही कि इस हादसे में परिवार के चारों लोग बाल-बाल बच गए।

कार को क्रेन की मदद से निकाला गया- India TV Hindi
कार को क्रेन की मदद से निकाला गया Image Source : INDIA TV

महराजगंज में फिर एक बार फोन के मैप ने लोगों को धोखा देने का काम किया है। जहां एक परिवार अपनी कार से फोन में मैप के भरोसे अपना सफर कर रहा था, लेकिन मैप ने सही रास्ता दिखाने के बजाय उन्हें ऊपर का रास्ता दिखा दिया। गनीमत रही कि कार सवार लोगों की जान बच गई, लेकिन उनमें से 4 लोग घायल हो गए। मामला महराजगंज जिले के कोल्हुई थाना क्षेत्र के कुशहा गांव के पास का बताया जा रहा है, जहां शनिवार देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। जब मैप के भरोसे चल रही वैगनार कार एक निर्माणाधीन बाईपास पर चढ़ गई और 40 फीट गहरे गड्ढे में जा गिरी। कार में सवार सभी 4 लोग बाल-बाल बचे। हादसे में चारों लोग घायल हुए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।

मैप परिवार को सोनौली से गोरखपुर ले जा रहा था

कार सवार बस्ती जिले के निवासी थे और नेपाल से लौट रहे थे। फोन का मैप उन्हें सोनौली से गोरखपुर ले जा रहा था, लेकिन कोल्हुई बाईपास के पास लगी बैरिकेडिंग और डायवर्जन संकेत को नजरअंदाज कर वे अधूरे रास्ते पर बढ़ते चले गए। जैसे ही कार निर्माणाधीन फ्लाईओवर पर चढ़ी, चालक को अचानक एहसास हुआ कि आगे सड़क ही नहीं है। ब्रेक लगाने की कोशिश की, लेकिन कार 40 फीट गहरे गड्ढे में जा गिरी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने क्रेन की मदद से कार को बाहर निकलवाया। घायलों की पहचान जसविंदर सिंह, आकाश श्रीवास्तव, काजल आर्या और रोकैया के रूप में हुई है। कार के परखच्चे उड़ गए, लेकिन गनीमत रही कि चारों यात्रियों को सिर्फ मामूली चोटें आईं। पुलिस ने कार को कब्जे में लिया और घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद उनके परिजनों को सौंप दिया।

कुछ दिन पहले भी हुआ था ऐसा ही एक हादसा

यह कोई पहली घटना नहीं है, जब Map ने गलत रास्ता दिखाकर लोगों की जान खतरे में डाली हो। कुछ दिन पहले ही ऐसा ही एक हादसा महाराजगंज जिले के फरेंदा थाना क्षेत्र में ही हुआ था। जहां फोन के मैप ने एक कार को अधूरी फ्लाईओवर के ऊपर पहुंचा दिया, जिस वजह से यह कार फ्लाईओवर से नीचे लटक गई। वो तो गनीमत रही कि इस हादसे में भी सभी कार सवार सुरक्षित बच गए। यह सड़क हादसा महाराजगंज जिले के गोरखपुर-सोनौली राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित भैया फरेंदा में निर्माणाधीन फ्लाईओवर पर ही हुआ था, जहां पर कार फ्लाईओवर पर चढ़ी, लेकिन फ्लाईओवर का काम अधूरा था। जब कार आगे बढ़ी तो रास्ता ना होने की वजह से वह फ्लाईओवर के नीचे लटक गई। 

फ्लाईओवर से नीचे लटकी कार
Image Source : SOCIAL MEDIAफ्लाईओवर से नीचे लटकी कार

(महाराजगंज से विनय कुमार नायक की रिपोर्ट)

ये भी पढ़ें:

भाई की इस मेहनत और टैलेंट को सलाम, सिर पर ईंटों का टावर बनाकर एक साथ 4-4 लोगों का काम करते दिखा है ये लड़का

इतना कॉन्फिडेंस लाते कहां से हैं ये लोग? दूल्हे ने बारात में किया धुंआधार डांस, Video देख लोटपोट हुए लोग

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। वायरल न्‍यूज से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।