1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. 15 साल के लड़के ने फंदे से लटककर दी जान, परिवार की आर्थिक तंगी से था परेशान

15 साल के लड़के ने फंदे से लटककर दी जान, परिवार की आर्थिक तंगी से था परेशान

 Published : Oct 25, 2025 08:46 pm IST,  Updated : Oct 25, 2025 08:46 pm IST

गुरुग्राम के सुखराली गांव में 15 साल के विकास ने अपनी परिवार की आर्थिक तंगी से परेशान होकर आत्महत्या कर ली। वह बिहार के दरभंगा का निवासी था और अपने माता-पिता के साथ किराए के मकान में रहता था।

Gurugram News, 15-year-old suicide, financial troubles, family poverty- India TV Hindi
गुरुग्राम पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के बाद शव को परिजनों को सुपुर्द कर दिया है। Image Source : GURUGRAM POLICE

गुरुग्राम: हरियाणा के गुरुग्राम से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, गुरुग्राम के सुखराली गांव में एक 15 साल के लड़के ने अपने परिवार की आर्थिक तंगी से परेशान होकर अपनी जान दे दी। पुलिस के मुताबिक, विकास नाम के इस लड़के ने शुक्रवार को अपने घर में पंखे से बेडशीट के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। विकास मूल रूप से बिहार के दरभंगा का रहने वाला था और अपने माता-पिता के साथ सुखराली गांव में किराए के मकान में रहता था। पुलिस ने बताया कि विकास के पिता ऑटोरिक्शा चलाते हैं, जबकि उसकी मां घरों में काम करती हैं।

मां ने बेटे को पंखे से लटका देखा

पुलिस ने बताया कि घटना के वक्त विकास घर पर अकेला था। शुक्रवार की शाम करीब 6 बजे जब उसकी मां घर लौटीं, तो उन्होंने विकास को पंखे से लटका हुआ देखा। अपने बेटे को पंखे से लटका देख उन्होंने तुरंत शोर मचाया और पड़ोसियों को बुलाया। विकास के पिता को भी घटना के बारे में खबर दी गई। परिवार और पड़ोसियों ने मिलकर उसे नीचे उतारा और तुरंत नजदीकी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस को सूचना मिलने पर एक टीम अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लिया।

काम की तलाश में था विकास

सहायक उप-निरीक्षक (ASI) विजेंद्र ने बताया, 'पोस्टमॉर्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया है।' पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला कि विकास अपने परिवार की माली हालत से काफी परेशान था। वह काम की तलाश में था और कभी-कभी छोटे-मोटे काम भी करता था। पुलिस ने बताया कि मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। इस दुखद घटना ने इलाके में सभी को झकझोर कर रख दिया है। हैरानी इस बात की है कि 15 साल के एक लड़के ने परिवार की खराब आर्थिक हालत को लेकर इस तरह का कदम उठा लिया। (PTI इनपुट्स के आधार पर)

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। हरियाणा से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।