Saturday, February 07, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. निषाद पार्टी के जिलाध्यक्ष की पत्नी फांसी के फंदे पर लटकी मिली, मां बोली- दूसरी लड़कियों के साथ घूमता था दामाद

निषाद पार्टी के जिलाध्यक्ष की पत्नी फांसी के फंदे पर लटकी मिली, मां बोली- दूसरी लड़कियों के साथ घूमता था दामाद

मृतका की मां ने आरोप लगाया है कि नीलू का अपने पति से साल भर से विवाद चल रहा था। दामाद के कई महिलाओं के साथ अवैध संबंध थे, विरोध करने पर वह बेटी के साथ मारपीट भी करता था।

Edited By: Khushbu Rawal @khushburawal2
Published : Oct 23, 2025 12:17 pm IST, Updated : Oct 23, 2025 12:17 pm IST
neelu raikwar- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT मृतका नीलू रायकवार की फाइल फोटो।

झांसी में निषाद पार्टी के जिलाध्यक्ष शिवकुमार रायकवार (एसके बाबा) की पत्नी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। नीलू रायकवार जो कि शिवकुमार रायकवार की पत्नी थी, उसका अपने पति से काफी समय से विवाद चल रहा था इसके चलते वह अपने पति से अलग किराए के मकान में रह रही थी। बुधवार को नीलू की मां ने उसे कई फोन लगाए लेकिन उसने फोन नहीं उठाया। इसके बाद उसकी मां घर पहुंची और वहां आसपास के लोगों की मदद से पुलिस को बुलाया गया। पुलिस के आने के बाद के गेट को तोड़ा गया तो सब की आंखें खुली की खुली रह गई, क्योंकि नीलू फांसी के फंदे पर लटकी थी और उसकी मौत हो गई थी। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मौत से पहले बच्चों के लिए लाए थे पटाखे और कपड़े

मृतका की मां ने रोते हुए बताया कि मेरी बेटी से रोज बात होती थी और वह बच्चों के लिए पटाखे और कपड़े ले गई थी। उसका अपने पति से साल भर से विवाद चल रहा था। जब वह ससुराल में रहती थी तो उसके साथ घरवाले मारपीट करते थे, पूरा परिवार उसके साथ मारपीट करता था। हमें 11 बजे पता लगा कि मेरी बेटी दरवाजा नहीं खोल रही है फिर हम वहां गए हम चिल्लाते रहे लेकिन अंदर से आवाज भी नहीं आई। उसका पति अच्छा नहीं था, घर पर आकर लड़ता रहता था। मेरी लड़की बहुत दिलेर थी वह ऐसा नहीं कर सकती।

उन्होंने आगे कहा, ''मेरी कल शाम को बात हुई थी हम मंदिर थे। वह कह रही थी हम थोड़ी देर में आपके पास आ रहे हैं फिर वह नहीं आई। मेरी लड़की तो लौटकर नहीं आने वाली, मुझे तो इंसाफ चाहिए। वह बताती थी कि उसका पति दूसरी लड़कियों के साथ घूमता है और लड़कियों को रखे हैं। वह मोबाइल पर उनकी फोटो भेजता है।'' मृतका की मां ने आरोप लगाया है कि दामाद के कई महिलाओं के साथ अवैध संबंध थे, विरोध करने पर वह नीलू के साथ मारपीट भी करता था।

पति से अलग रह रही थी नीलू

शिवकुमार रायकवार ने बताया कि मेरा पत्नी से प्रॉपर्टी को लेकर विवाद चल रहा था इसके चलते वह अलग रह रही थी। मैं बाहर था, मुझे लगभग 12 बजे के आसपास खबर आई कि नीलू की तबीयत खराब हो गई है। तब मैं लौट कर आया तो पता लगा कि मेरी पत्नी फांसी के फंदे पर लटकी है जिससे उसकी मौत हो गई है। ऐसे में कुछ विरोधी पार्टियां हमारे लिए सोशल मीडिया पर तरह-तरह की बातें लिख रही हैं। लोगों को चाहिए ऐसे समय में राजनीति न करें। हम दुखी परिवार हैं हमारे बच्चे ने अपनी मां को खोया है। एक 6 साल की बच्ची भी है हमारी। 

रायकवार ने कहा, तमाम दुश्मन फेसबुक पर लिख रहे हैं, उन्हें यह नहीं करना चाहिए। हम पति-पत्नी में आना-जाना था और बातचीत भी होती रहती थी। इस बार उन्होंने गाड़ी लेने की भी इच्छा जाहिर की थी तब मैंने उससे कहा था कि आप पहले स्वस्थ हो जाओ तब गाड़ी ले लेना, और मुझे लगता है कि मेरी पत्नी को मार कर लटकाया गया है।

पुलिस ने क्या कहा?

इस पूरे मामले पर सीओ सिटी लक्ष्मीकांत गौतम ने बताया कि शहर कोतवाली थाना क्षेत्र में एक महिला द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। आसपास के लोगों से जानकारी की गई तो पता चला कि इनका अपने पति के साथ काफी दिनों से विवाद चल रहा था। पुलिस द्वारा शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।

(रिपोर्ट- आकाश राठौर)

यह भी पढ़ें-

पुराने लिव-इन पार्टनर ने गर्भवती महिला की चाकू मारकर की हत्या, पति ने हत्यारे को मार डाला

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।

Advertisement
Advertisement
Advertisement