फरीदाबाद: ओल्ड फरीदाबाद इलाके में चाइनीज मांझे की चपेट में आने से 25 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। युवक की गर्दन पर करीब 11 सेंटीमीटर लंबा गहरा घाव हो गया, जबकि माथे पर भी करीब 5 सेंटीमीटर का घाव बताया गया है। गंभीर हालत को देखते हुए बीके अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उसे दिल्ली के हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया।
बाइक चलाते समय गर्दन में लिपटा मांझा
अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार, घायल युवक पंकज पल्ला पावर हाउस इलाके का रहने वाला है और एक निजी कंपनी में काम करता है। रविवार सुबह वह बाइक से ओल्ड फरीदाबाद स्थित अपनी बुआ के घर जा रहा था। जब वह ओल्ड फरीदाबाद फ्लाईओवर पर पहुंचा तो अचानक पतंग का चाइनीज मांझा उसकी गर्दन में लिपट गया।
बाइक नहीं रोकने से बढ़ी चोट
अचानक मांझा गर्दन में फंसने से पंकज को कुछ समझ नहीं आया और उसने तुरंत बाइक नहीं रोकी। बाइक चलती रहने के कारण मांझा उसकी गर्दन पर कसता चला गया और त्वचा को बुरी तरह काट दिया। हादसे में उसकी गर्दन पर करीब 11 सेंटीमीटर का घाव हो गया। इसके अलावा माथे पर भी करीब 5 सेंटीमीटर की चोट आई है। युवक को प्राथमिक उपचार के बाद दिल्ली रेफर कर दिया गया है
लोग वीडियो बनाते रहे, मदद के लिए आगे नहीं आए
पंकज को बीके अस्पताल लेकर पहुंचे रूपेश कुमार ने बताया कि वह सेक्टर-17 की तरफ जा रहे थे। ओल्ड फरीदाबाद फ्लाईओवर पर भीड़ लगी हुई थी। लोग घायल युवक की मोबाइल से वीडियो बना रहे थे, लेकिन कोई उसकी मदद के लिए आगे नहीं आ रहा था। उन्होंने बिना देरी किए पंकज को अस्पताल पहुंचाया।
दिल्ली हायर सेंटर रेफर किया
बीके अस्पताल में डॉक्टरों ने पंकज का प्राथमिक उपचार किया। गर्दन पर गंभीर चोट को देखते हुए उसे दिल्ली के हायर सेंटर के लिए रेफर कर दिया गया। घटना ने एक बार फिर प्रतिबंधित चाइनीज मांझे के इस्तेमाल पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पहले भी चाइनीज मांझे पर रोक को लेकर तमाम तरह की बातें सामने आ चुकी हैं और इसकी वजह से घायल होने वालों की संख्या बहुत है। कई लोगों ने तो चाइनीज मांझे की वजह से जान भी गंवाई है।
इससे पहले चाइनीज मांझे ने 15 सेकेंड में मासूम की जान ले ली थी, इसका Live वीडियो भी सामने आया था। (रिपोर्ट- नरेंदर शर्मा)
ये भी पढ़ें-
चाइनीज मांझे ने ली 2 बेटियों के पिता शोएब की जान, CM योगी ने दिया सख्त कार्रवाई का आदेश