1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. अब सावित्री जिंदल ने भी कांग्रेस को कहा अलविदा, खुद बताया पार्टी छोड़ने का कारण

अब सावित्री जिंदल ने भी कांग्रेस को कहा अलविदा, खुद बताया पार्टी छोड़ने का कारण

 Written By: Subhash Kumar @ImSubhashojha
 Published : Mar 28, 2024 12:58 pm IST,  Updated : Mar 28, 2024 03:04 pm IST

कुछ ही दिनों पहले सावित्री जिंदल के बेटे और उद्योगपति नवीन जिंदल भी कांग्रेस छोड़कर भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो चुके हैं। सावित्री जिंदल ने सोशल मीडिया पर पार्टी छोड़ने की जानकारी साझा की है।

सावित्री जिंदल।- India TV Hindi
सावित्री जिंदल। Image Source : SOCIAL MEDIA

लोकसभा चुनाव 2024 के लिए वोटिंग शुरू होने में अभी समय है। दूसरे चरण के चुनाव के लिए नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। हालांकि, इस दौरान कांग्रेस पार्टी को एक के बाद एक लगातार झटके लग रहे हैं। अब हरियाणा की पूर्व मंत्री सावित्री जिंदल ने भी कांग्रेस छोड़ दी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर जानकारी देते हुए कांग्रेस पार्टी को छोड़ने का ऐलान किया है। आपको बता दें कि कुछ ही दिनों पहले उनके बेटे और उद्योगपति नवीन जिंदल भी कांग्रेस छोड़कर भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो चुके हैं।

क्या है पार्टी छोड़ने का कारण?

सावित्री जिंदल ने सोशल मीडिया पर पार्टी छोड़ने की जानकारी साझा की है। उन्होंने लिखा- "मैंने विधायक के रूप में 10 साल हिसार की जनता का प्रतिनिधित्व किया और मंत्री के रूप में हरियाणा प्रदेश की निस्वार्थ सेवा की है। हिसार की जनता ही मेरा परिवार है और मैं अपने परिवार की सलाह पर आज कांग्रेस पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे रही हूं। कांग्रेस नेतृत्व के समर्थन के लिए व सभी साथियों का, जिन्होंने हमेशा मुझे अपना सहयोग और मान-सम्मान दिया, उनकी सदैव आभारी रहूँगी।"

हरियाणा में कब होंगे चुनाव?

वहीं हरियाणा की 10 लोकसभा सीटों पर एक साथ ही मतदान होगा। यहां छठे चरण में 25 मई को मतदान कराया जाएगा। इसके साथ ही करनाल विधानसभा सीट पर भी इसी दिन मतदान कराया जाएगा। इसके साथ ही 04 जून को पूरे देश के साथ यहां भी मतगणना होगी और परिणामों का ऐलान किया जाएगा। 

नवीन ने भी छोड़ी कांग्रेस

कुछ ही दिनों पहले पूर्व सांसद नवीन जिंदल ने भी कांग्रेस छोड़ दी थी और भाजपा में शामिल हो गए थे। ऐसे कयास लगाए जा रहे हैं कि वह कुरुक्षेत्र सीट से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ेंगे। कांग्रेस के लिए यह एक बड़ा झटका माना जा रहा है। नवीन जिंदल ने ट्विटर (एक्स) पर एक पोस्ट लिखा जिसमें उन्होंने कांग्रेस से अपने इस्तीफे की घोषणा की। उन्होंने अपने इस पोस्ट में कांग्रेस नेतृत्व के साथ पूर्व पीएम मनमोहन सिंह का भी आभार जताया। 

ये भी पढ़ें- हरियाणा के सीएम नायब सिंह सैनी करनाल से लड़ेंगे विधानसभा का उपचुनाव, बीजेपी ने की घोषणा


Lok Sabha Elections 2024: हरियाणा की सभी लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी JJP, पीएसी की बैठक में फैसला

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। हरियाणा से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।