हरियाणा के गुरुग्राम में द्वारका एक्सप्रेसवे पर एक बार फिर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला है। धनवापुर गोलचक्कर के पास एक अनियंत्रित स्कोडा ऑक्टाविया कार भीषण हादसे का शिकार हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार हवा में उछलते हुए लोहे की ग्रिल तोड़कर ग्रीन बेल्ट में जा पलटी। हादसे में कार चालक गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कैसे हुआ हादसा?
यह दर्दनाक हादसा गुरुग्राम के द्वारका एक्सप्रेसवे पर धनवापुर गोलचक्कर के समीप हुआ। जानकारी के अनुसार, स्कोडा ऑक्टाविया कार गुरुग्राम से दिल्ली की दिशा में बेहद तेज रफ्तार से जा रही थी। जैसे ही कार गोलचक्कर के पास पहुंची, अचानक चालक का वाहन से संतुलन बिगड़ गया। बेकाबू कार सीधे सड़क के बीच बने डिवाइडर से टकरा गई।
स्कोडा कार के परखच्चे उड़े
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रफ्तार इतनी ज्यादा थी कि डिवाइडर से टकराते ही कार हवा में उछल गई। इसके बाद कार सड़क किनारे लगी मजबूत लोहे की सुरक्षा ग्रिल को चीरती हुई ग्रीन बेल्ट में जाकर पलट गई। इस जबरदस्त टक्कर में कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई और उसके परखच्चे उड़ गए।
राहगीरों ने कार में फंसे ड्राइवर को निकाला बाहर
हादसे के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सड़क से गुजर रहे राहगीरों ने तुरंत गाड़ी की ओर दौड़ लगाई। कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुकी थी और ड्राइवर अंदर ही फंसा हुआ था। कार के अंदर बुरी तरह फंसे चालक को राहगीरों ने काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। घायल ड्राइवर को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। डॉक्टरों के अनुसार, ड्राइवर को काफी चोटें आई हैं।
हादसे की वजह क्या?
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या ड्राइवर नशे की हालत में था या फिर अचानक किसी तकनीकी खराबी की वजह से यह हादसा हुआ। दुर्घटनाग्रस्त वाहन को क्रेन की मदद से सड़क से हटवाया गया। द्वारका एक्सप्रेसवे पर लगातार बढ़ते तेज रफ्तार के हादसों ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और गति सीमा के नियमों पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
(रिपोर्ट- गोहित कौशिक)
यह भी पढ़ें-
गुजरात के खावड़ा सोलर पार्क में भीषण हादसा, ट्रेलर की टक्कर से बोलेरो सवार 7 लोगों की मौत; कई घायल