1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. भूपेंद्र हुड्डा ने हरियाणा में राष्ट्रपति शासन लागू करने की मांग की, जेजेपी का भी सामने आया बयान

भूपेंद्र हुड्डा ने हरियाणा में राष्ट्रपति शासन लागू करने की मांग की, जेजेपी का भी सामने आया बयान

 Published : Mar 12, 2024 03:42 pm IST,  Updated : Mar 12, 2024 04:15 pm IST

भूपेंद्र हुड्डा ने कहा कि बीजेपी ने हरियाणा में शासन करने का नैतिक अधिकार खो दिया है। बीजेपी-जेजेपी गठबंधन एक 'ठगबंधन' था। राष्ट्रपति शासन लागू कर विधानसभा चुनाव कराया जाना चाहिए।

 भूपेंद्र सिंह हुड्डा- India TV Hindi
भूपेंद्र सिंह हुड्डा Image Source : ANI

चंडीगढ़ः हरियाणा में नेतृत्व परिवर्तन और जेजेपी के साथ गठबंधन टूटने पर मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस की तरफ से प्रतिक्रिया सामने आई है। विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि बीजेपी ने नैतिक रूप से अपनी हार स्वीकार कर ली है। लोगों ने कांग्रेस सरकार बनाने का फैसला कर लिया है। 

कांग्रेस ने राष्ट्रपति शासन लागू करने की मांग की

भूपेंद्र हुड्डा ने कहा कि बीजेपी ने हरियाणा में शासन करने का नैतिक अधिकार खो दिया है। बीजेपी-जेजेपी गठबंधन एक 'ठगबंधन' था। राष्ट्रपति शासन लागू कर विधानसभा चुनाव कराया जाना चाहिए। दरअसल, हरियाणा में मुख्यमंत्री को ऐसे समय में बदला गया है, जब लोकसभा चुनाव की घोषणा होने में कुछ ही दिन बचे हैं।

जेजेपी का सामने आया बयान

जेजेपी प्रदेश अध्यक्ष निशान सिंह ने कहा कि आज की मीटिंग में जो भी निर्णय हुआ,वो कल हिसार की रैली में बताएंगे। दुष्यंत चौटाला ने अपनी सिक्योरिटी और गाड़ियों का काफिला वापस भेज दिया है।

सैनी होंगे नए मुख्यमंत्री

बता दें कि हरियाणा की राजनीति में मंगलवार को हुए एक नाटकीय घटनाक्रम में मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया और इसके कुछ ही देर बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की राज्य इकाई के अध्यक्ष नायब सिंह सैनी को विधायक दल का नेता चुन लिया गया। भाजपा विधायक दल की बैठक के बाद पार्टी विधायक सुभाष सुधा और जेपी दलाल ने घोषणा की कि सैनी राज्य के नए मुख्यमंत्री होंगे। 

सैनी कुरुक्षेत्र से सांसद हैं

अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) से ताल्लुक रखने वाले सैनी कुरुक्षेत्र से सांसद हैं और पिछले साल अक्टूबर में उन्हें प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। सैनी ने प्रदेश संगठन में कई पदों पर जिम्मेदारी संभाली है। वह भाजपा की युवा इकाई भारतीय जनता युवा मोर्चा में भी कई दायित्वों का निर्वहन कर चुके हैं। साल 2012 में उन्हें भाजपा ने अंबाला का जिला अध्यक्ष बनाया था और फिर साल 2014 में वह नारायणगढ़ विधानसभा क्षेत्र से जीतकर पहली बार विधानसभा पहुंचे। वह हरियाणा सरकार में राज्य मंत्री भी रहे हैं। साल 2019 में वह कुरुक्षेत्र से सांसद चुने गए। 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। हरियाणा से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।