नई दिल्ली: हरियाणा में 9 महीने से ज्यादा का वक्त बीतने के बाद भी कांग्रेस पार्टी गुटबाजी के चलते अब तक राज्य में विधायक दल के नेता की नियुक्ति नहीं कर पाई है। सूत्रों के मुताबिक पार्टी इस महीने के अंत तक जिला अध्यक्षों की नियुक्ति करेगी जिसके बाद राज्य में प्रदेश अध्यक्ष और विधायक दल के नेता की नियुक्ति करेगी।
जिला अध्यक्षों की नियुक्ति के लिए एआईसीसी ऑब्जर्वर के साथ आज राज्य के प्रभारी बीके हरिप्रसाद और संगठन महासचिव के सी वेणुगोपाल सभी एआईसीसी ऑब्जर्वर के साथ मुलाकात करेंगे, यह प्रक्रिया कल दिन भर भी जारी रहेगी।
सबसे ज्यादा आवेदन किस जिले से आए?
गौरतलब है कि हिसार जिले में जिला अध्यक्ष बनने के लिए सबसे ज्यादा आवेदन हिसार जिले से आए हैं। सूत्रों के मुताबिक 200 के करीब आवेदन हिसार जिले से आए हैं। हुड्डा परिवार के गढ़ रोहतक से 120 के करीब आवेदन जिला अध्यक्ष बनने के लिए दिए गए हैं।
कब से प्रदेश ईकाई का गठन नहीं हो पाया,जानें
2013 के बाद गुटबाजी के चलते राज्य में प्रदेश इकाई का गठन नहीं हो पाया है। राज्य में जिला अध्यक्ष की नियुक्ति के लिए हर जिले से 6 लोगों का पैनल बनाया गया है, जिसमें से एक व्यक्ति का चुनाव जिला अध्यक्ष के लिए पार्टी हाई कमांड द्वारा किया जाएगा।
इसी प्रक्रिया के तहत एआईसीसी ऑब्जर्वर से प्रदेश प्रभारी और संगठन महासचिव अलग अलग मुलाकात कर रहे हैं, जिसके बाद इस महीने के अंत तक नए जिला अध्यक्षों की नियुक्ति की जाएगी। गौरतलब है कि इसके बाद ही राज्य में नए प्रदेश अध्यक्ष और राज्य में नेता विपक्ष की नियुक्ति होगी।
हरियाणा में कांग्रेस के कितने गुट?
दरअसल, हरियाणा कांग्रेस में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा का दबदबा है और यहां की राजनीति भी उनके इर्द-गिर्द ही केंद्रित होती है। हालांकि प्रदेश में पार्टी दो खेमों में बंटी हुई नजर आती है। एक की अगुवाई भूपेंद्र सिंह हुड्डा करते हैं जबकि दूसरा गुट कुमारी शैलजा, रणदीप सुरजेवाला का है। पहले इस गुट में किरण चौधरी भी थीं लेकिन उनके कांग्रेस छोड़ने के बाद से यह गुट कमजोर हुआ है। गुटबाजी का आलम यह है कि पार्टी पिछले कई सालों से सभी जिलों में अपने अध्यक्षों और संगठनात्मक इकाइयों का गठन तक नहीं कर पाई है। लेकिन इस बार प्रदेश में संगठन को एक मजबूत आधार देने की कवायद के तहत पार्टी सभी जिलों में अपने अध्यक्षों और संगठनात्मक इकाइयों का गठन करने की कोशिश में जुट गई है।