रेवाड़ी पुलिस ने धारूहेड़ा क्षेत्र में हुए एक ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी सुलझा दी है। पुलिस ने मुस्तैदी से कार्रवाई करते हुए गत 6 सितंबर को एक व्यक्ति की हत्या कर शव को दबाने के मामले का पर्दाफाश करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान योगेश उर्फ गोलू निवासी मोहल्ला सैय्यद कालोनी बास रोड धारूहेड़ा के रूप में हुई है।
मारकर जमीन में गाड़ दिया था
डीएसपी संजीव बल्हारा ने बताया कि 6 सितंबर को पुलिस को सूचना मिली कि गांव भटसाना स्थित एक डेयरी फार्म में एक शव मिट्टी में दबा हुआ है। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। वहां मौजूद एक महिला की निशानदेही पर जब घटनास्थल से मिट्टी हटाई गई तो मानव शरीर का अंग दिखाई दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल 'सीन ऑफ क्राइम' टीम को मौके पर बुलाया गया और ड्यूटी मजिस्ट्रेट की देखरेख में गड्ढे की खुदाई करवाई गई, जहां से एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ।
घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक हेमेंद्र मीणा ने स्वयं घटनास्थल का निरीक्षण किया और पुलिस की टीमों का गठन कर आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। शव को पहचान के लिए शव गृह में रखवा दिया। मृतक की पहचान निसार (उम्र 28 वर्ष) निवासी गांव दमदमा जिला खैरथल-तिजारा राजस्थान के रूप में हुई।
लाठी-डंडों से पीटकर मार डाला
8 सितंबर को मृतक के पिता जमील ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उनका बेटा निसार 5 सितंबर को मजदूरी के लिए घर से तिजारा के लिए गया था, लेकिन वापस नहीं लौटा। जमील ने चार नामजद आरोपियों सहित उसके अन्य साथियों पर उसके बेटे की हत्या करने का संदेह जताया था। मृतक के पिता ने बताया कि इन सभी आरोपियों ने मिलकर उसके बेटे निसार की लाठी-डंडों व लात-घूसों से बेरहमी से मारपीट कर हत्या की है। इसके बाद साक्ष्य मिटाने और पहचान छिपाने की नीयत से शव को अपनी गाड़ी में डालकर गौरव के डेयरी फार्म (गांव भटसाना) ले गए और गड्ढा खोदकर दबा दिया। शिकायत पर पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
चोरी के संदेश में पकड़ा था
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले में शामिल मुख्य आरोपी योगेश उर्फ गोलू गिरफ्तार कर लिया है। गहन पूछताछ के दौरान आरोपी योगेश ने खुलासा किया कि 5-6 सितंबर की सुबह बास रोड धारूहेड़ा से उन्होंने अपने साथियों के साथ निसार को चोरी के संदेह में पकड़ा था। संदेह के आधार पर उसने तथा उसके अन्य साथियों ने मिलकर निसार के साथ मारपीट की, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। निसार की हालत बिगड़ने पर जब वे उसे अस्पताल ले जाने लगे, तो रास्ते में ही उसकी मृत्यु हो गई। इसके बाद वे शव को छुपाने के उद्देश्य से गांव भटसाना स्थित गौरव के डेयरी फार्म ले गए और गड्ढे में दबा दिया।
गिरफ्तार आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है। मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों के संभावित ठिकानों पर पुलिस की विशेष टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं। पुलिस द्वारा बाकी आरोपियों को भी जल्द ही गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। अभी हाल में ही रेवाड़ी में एक शख्स की बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। मर्डर का आरोप मृतक जितेंद्र के दोस्तों पर लगा है।
रिपोर्टः संजय कौशिक
ये भी पढ़ेंः गुरुग्राम में घर में घुसकर PG संचालक के सिर पर मारी गई गोली, वारदात के समय पत्नी और दोस्त थे मौजूद