1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. रिटायर्ड सूबेदार के घर में हुआ ब्लास्ट, चपेट में आने से 5 लोग गंभीर रूप से झुलसे; बेटी की हालत नाजुक

रिटायर्ड सूबेदार के घर में हुआ ब्लास्ट, चपेट में आने से 5 लोग गंभीर रूप से झुलसे; बेटी की हालत नाजुक

 Edited By: Malaika Imam @MalaikaImam1
 Published : Jul 06, 2026 06:38 am IST,  Updated : Jul 06, 2026 07:22 am IST

रेवाड़ी के एक घर में भीषण धमाके की आवाज सुनी गई। जिस घर में धमाका हुआ, वह सेना के एक रिटायर्ड सूबेदार का है। इस धमाके में पांच लोग बुरी तरह से झुलस गए हैं।

रेवाड़ी में हुआ भीषण धमाका- India TV Hindi
रेवाड़ी में हुआ भीषण धमाका Image Source : ANI

हरियाणा के रेवाड़ी जिले के हंस नगर इलाके में  रविवार शाम जोरदार धमाका हो गया। यहां सेना के एक रिटायर्ड सूबेदार के घर में जबरदस्त धमाका हुआ।  धमाके की चपेट में आने से एक ही परिवार के चार सदस्यों समेत कुल पांच लोग घायल हो गए, जिनमें से एक की हालत गंभीर है। धमाका इतना जोरदार था कि मकान के दरवाजे और खिड़कियों के शीशे चकनाचूर हो गए और लोहे का मेन गेट भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

पड़ोसी CRPF जवान भी घर में मौजूद थे

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह दर्दनाक हादसा हंस नगर निवासी और भारतीय सेना के रिटायर्ड सैन्य कर्मी सतबीर चौहान के घर पर हुआ। रविवार शाम को सतबीर चौहान की 23 वर्षीय बेटी तनु घर में कपड़े प्रेस कर रही थी, तभी अचानक मकान के भीतर एक जोरदार धमाका हुआ। हादसे के वक्त घर में सतबीर चौहान, उनकी पत्नी मधु, बेटी तनु, एक रिश्तेदार की 3 वर्षीय मासूम बच्ची खुशी और उनके पड़ोसी जय भगवान (जो केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल यानी CRPF में कार्यरत हैं) मौजूद थे।

इस धमाके में सतबीर चौहान की बेटी तनु सबसे गंभीर रूप से झुलसी है। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए सिविल हॉस्पिटल ले जाया गया। हालांकि, चोटों की गंभीरता को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें तुरंत बड़े मेडिकल सेंटर्स के लिए रेफर कर दिया।

तनु को गंभीर रूप से झुलसने के कारण PGI रोहतक रेफर किया गया। वहीं, रिटायर्ड सतबीर चौहान को इलाज के लिए गुरुग्राम भेजा गया। पड़ोसी CRPF जवान जय भगवान को इलाज के लिए दिल्ली स्थित आर्मी अस्पताल ले जाया गया है। वहीं, रिटायर्ड सतबीर की पत्नी मधु (पत्नी) और 3 वर्षीय बच्ची खुशी को मामूली चोटें आई हैं, जिनका इलाज स्थानीय स्तर पर किया गया।

फोरेंसिक टीम कर रही मामले की जांच

घटना की सूचना मिलते ही रेवाड़ी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और सुरक्षा के लिहाज से पूरे इलाके को सील कर दिया। विस्फोट के कारणों का अभी तक स्पष्ट रूप से पता नहीं चल पाया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (FSL) की स्पेशल टीम को जांच के लिए बुलाया गया है।

ये भी पढ़ें-

मुंबई में भारी बारिश से बिल्डिंग का स्लैब गिरा, 6 लोगों की मौत, महाराष्ट्र के कई जिलों में स्कूल कॉलेज बंद

बारिश से तबाह मुंबई में मदद के लिए आया स्पाइडर मैन, बोरी उठाई, बच्चियों को सड़क पार कराई, वीडियो वायरल

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। हरियाणा से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।