1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. इनेलो में शामिल हुए पूर्व विधायक रामपाल माजरा, ओम प्रकाश चौटाला ने सौंपी बड़ी जिम्मेदारी

इनेलो में शामिल हुए पूर्व विधायक रामपाल माजरा, ओम प्रकाश चौटाला ने सौंपी बड़ी जिम्मेदारी

 Edited By: Mangal Yadav
 Published : Mar 20, 2024 04:08 pm IST,  Updated : Mar 20, 2024 04:13 pm IST

तीन बार विधायक रह चुके माजरा ने कहा कि वह दिवंगत चौधरी देवी लाल के समय से इनेलो से जुड़े रहे हैं। हरियाणा की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कई आरोप भी लगाए।

अभय सिंह चौटाला के साथ रामपाल माजरा- India TV Hindi
अभय सिंह चौटाला के साथ रामपाल माजरा Image Source : X@MAJRARAMPAL

चंडीगढ़: हरियाणा के पूर्व विधायक रामपाल माजरा बुधवार को एक बार फिर इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) में शामिल हो गए और पार्टी ने उन्हें राज्य इकाई का अध्यक्ष नियुक्त किया है। फरवरी में नफे सिंह राठी की गोली मारकर हत्या किए जाने के बाद से राज्य इकाई के प्रमुख का पद खाली था। वर्ष 2019 के विधानसभा चुनाव से पहले माजरा भाजपा में शामिल हुए थे लेकिन कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन के दौरान उन्होंने पार्टी छोड़ दी थी।

अभय सिंह चौटाला ने पार्टी में शामिल करवाया

वह इनेलो के वरिष्ठ नेता अभय सिंह चौटाला की मौजूदगी में यहां पार्टी में शामिल हुए। चौटाला ने यहां पत्रकारों से कहा कि माजरा काफी समय तक इनेलो से जुड़े थे और विभिन्न पदों पर रहे थे। चौटाला ने कहा, “हम उनका स्वागत करते हैं। हमारे कार्यकर्ता और पार्टी नेतृत्व उन्हें एक बड़ी जिम्मेदारी देना चाहते हैं। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश चौटाला ने उन्हें इनेलो की राज्य इकाई का अध्यक्ष नियुक्त करने का फैसला लिया है। हम पार्टी को मजबूत करने के लिए काम करेंगे। उन्हें राज्य इकाई का प्रमुख नियुक्त किया गया है।

तीन बार विधायक रह चुके हैं माजरा

तीन बार विधायक रह चुके माजरा ने कहा कि वह दिवंगत चौधरी देवी लाल के समय से इनेलो से जुड़े रहे हैं। हरियाणा की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, “सरकार पारदर्शिता के दावे कर रही है, लेकिन इस सरकार के दौरान बहुत सारे पेपर लीक हुए हैं। योग्यता के आधार पर नौकरियां देने के उनके दावे भी खोखले हैं। किसानों की दुर्दशा सबके सामने है।

चौटाला परिवार का धन्यवाद किया

इनेलो में शामिल होने के बाद रामपाल माजरा ने कहा कि ओम प्रकाश चौटाला ने मुझे हरियाणा प्रदेश के अध्यक्ष के रूप में बड़ी जिम्मेदारी दी है। इसके लिए उनका धन्यवाद करता हूं। हम लड़ेंगे और जीतेंगे भी।

 

इनपुट- भाषा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। हरियाणा से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।