1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. छात्राओं से छेड़छाड़ करता था सरकारी स्कूल का शिक्षक, पुलिस ने केस दर्ज कर शुरू की जांच

छात्राओं से छेड़छाड़ करता था सरकारी स्कूल का शिक्षक, पुलिस ने केस दर्ज कर शुरू की जांच

 Published : May 09, 2026 08:27 am IST,  Updated : May 09, 2026 08:27 am IST

जैकबपुरा स्थित राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में एक शिक्षक पर छात्राओं से छेड़छाड़ और आपत्तिजनक टिप्पणियां करने के आरोप लगे हैं। पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Gurugram school molestation case, Haryana school harassment, student molestation case- India TV Hindi
सरकारी स्कूल के टीचर पर छात्राओं से छेड़छाड़ का आरोप लगा है। Image Source : PTI REPRESENTATIONAL

गुरुग्राम: हरियाणा के गुरुग्राम जिले से एक शर्मसार कर देने वाली खबर सामने आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, गुरुग्राम के जैकबपुरा में स्थित राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में पढ़ने वाली कक्षा 9 की कई छात्राओं ने एक शिक्षक पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। छात्राओं का कहना है कि आरोपी शिक्षक उनके ऊपर आपत्तिजनक टिप्पणियां भी किया करता था। मामला सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपी शिक्षक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है।

छात्राओं की शिकायत के बाद सामने आया मामला

अधिकारियों के मुताबिक, यह मामला छात्राओं की शिकायत के बाद सामने आया है। शिक्षक पर आरोप है कि वह छात्राओं के साथ गलत व्यवहार करता था और उनके ऊपर अनुचित टिप्पणियां करता था। मामले को गंभीरता से लेते हुए हरियाणा राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग यानी कि HSCPCR ने स्वतः संज्ञान लिया है। आयोग ने स्कूल की प्रिंसिपल को 14 मई को पेश होने के निर्देश दिए हैं। गुरुग्राम पुलिस के प्रवक्ता ने बताया कि जांच टीम छात्राओं के संपर्क में है और मामले की विस्तार से जांच की जा रही है।

न्यायिक अधिकारी के सामने दर्ज होंगे छात्राओं के बयान

पुलिस प्रवक्ता ने कहा कि छात्राओं की पहले चाइल्ड वेलफेयर कमेटी के सामने काउंसलिंग कराई जाएगी और इसके बाद उनके बयान न्यायिक अधिकारी के सामने दर्ज किए जाएंगे। उन्होंने मामले के बारे में जानकारी देते हुए आगे बताया, 'पूरी प्रक्रिया के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।' वहीं, शिक्षा विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि आरोपी शिक्षक का स्कूल से तबादला कर ब्लॉक शिक्षा कार्यालय में भेज दिया गया है।

आरोपी शिक्षक के स्कूल परिसर में जाने पर रोक

पुलिस प्रवक्ता ने यह भी कहा कि जांच पूरी होने तक आरोपी शिक्षक को स्कूल परिसर में प्रवेश करने से भी रोक दिया गया है। अधिकारी ने कहा, 'जांच पूरी होने तक शिक्षक कार्यालय से ही काम करेगा।' पुलिस के मुताबिक, सिटी थाना में FIR दर्ज कर ली गई है और मामले की जांच जारी है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। हरियाणा से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।